/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/30/nAgZxr4Fg9Zv4A7xChfD.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क।कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, 'राष्ट्रीय समाज पक्ष' के संस्थापक महादेव जानकर द्वारा शनिवार को अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह के अवसर पर कार्यक्रम में मंच साझा कर सकते हैं।
भाजपा से अलग होने के बाद विपक्षी गठबंधन के साथ हैं
भाजपा की अगुआई वाली महाराष्ट्र सरकार में 2016-19 में मंत्री रहे जानकर को 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा कथित तौर पर नजरअंदाज कर दिया गया। इस कारण उन्हें अपना रास्ता पार्टी से अलग होना पड़ा। धनगर समुदाय से ताल्लुक रखने वाले जानकर इसके बाद विपक्षी गठबंधन के साथ हैं।
अहिल्याबाई होल्कर की जड़ें धनगर समुदाय से जुड़ी हैं
जानकर ने होल्कर राजवंश की रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर समारोह का आयोजन किया है। होल्कर राजवंश की जड़ें धनगर समुदाय से जुड़ी मानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, पवार और यादव ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में होल्कर रानी की जयंती के मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करने के उनके निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
तेजस्वी, स्टालिन ने अभी तक भाग लेने की पुष्टि नहीं की
जानकर के अनुसार, उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भी निमंत्रण दिया है, लेकिन उन्होंने अभी तक कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति की पुष्टि नहीं की है। महाराष्ट्र की सोलापुर, सांगली, बारामती, परभणी और सतारा लोकसभा सीटों पर धनगर समुदाय की अच्छी-खासी मौजूदगी है और यह 25-30 से अधिक विधानसभा सीटों पर नतीजों को प्रभावित कर सकता है। जानकर ने 2014 के लोकसभा चुनाव में बारामती से राकांपा की उम्मीदवार सुप्रिया सुले के खिलाफ राजग उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और लगभग 70,000 मतों के अंतर से हार गए थे।