/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/27/befunky-collage-2025-08-27-15-02-02.jpg)
00:00/ 00:00
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क: जम्मू-कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन में अब तक 33 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 से अधिक श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना पर राष्ट्रपतिद्रौपदी मुर्मूऔर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताया। राष्ट्रपति व पीएम ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि उन्हें इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि से गहरा दुख हुआ है।
मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की
पीएम मोदी ने लिखा कि श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की खबर दुखद है। इस आपदा में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है और सभी की सुरक्षा के लिए प्रयास कर रहा है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है, जब अर्धकुंवारी के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के समीप मंदिर मार्ग पर अचानक भूस्खलन हो गया। करीब 271 सीढ़ियां बह गईं, जिससे मार्ग पर फंसे सैकड़ों श्रद्धालु संकट में आ गए। लगातार बारिश और पहाड़ों से मलबा गिरने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी बाधाएं आईं।
रोकी गई वैष्णो देवी यात्रा
वर्तमान में मौसम की स्थिति को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवीयात्रा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। हिमकोटि मार्ग पहले से ही बंद था, अब पुराने मार्ग को भी श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को इलाके से सुरक्षित स्थानों की ओर लौटने या अपने घर वापस जाने की सलाह दी गई है। घटनास्थल पर भारतीय सेना, CRPF, NDRF और श्राइन बोर्ड की सुरक्षा टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालकर CHC अस्पताल और नारायणा सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
अमित शाह ने स्थिति की ली जानकारी
घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात कर स्थिति की जानकारी ली है और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों से मूसलधार मानसूनी बारिश जारी है, जिससे झेलम, तवी और ब्यास नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। फ्लैश फ्लड और भूस्खलन जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। Vaishno Devi Landslide | Vaishno devi