नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आप नेता अरविंद केजरीवाल की मुसीबतें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। पंजाब से आई महिलाएं दिल्ली में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर रही हैं। प्रदर्शनकारी महिलाएं पंजाब चुनाव से पहले किए गए ₹1000 मासिक भत्ते के वादे को पूरा करने की मांग कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव जीतने के बाद अपना वादा पूरा नहीं किया है।
केजरीवाल पर वादाखिलाफी का आरोप
पंजाब के मोहाली, जालंधर, अमृतसर, संगरूर और पटियाला समेत कई जिलों से महिलाएं प्रदर्शन के लिए दिल्ली आई हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन अब तक ये वादा पूरा नहीं किया है। अब इस मुद्दे को लेकर उनका गुस्सा फूट पड़ा है। प्रदर्शनकारी महिलाएं दिल्ली की जनता को आगाह कर रही हैं कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के वादों पर भरोसा न करें।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि आगामी दिनों में दिल्ली में विधानसभा चुनाव होना है। आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस तीनों ही पार्टियां पूरे दमखम के साथ इस चुनावी मैदान में उतर रही हैं। आपको बता दें कि दिल्ली में फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है और आतिशी मार्लेना मुख्यमंत्री हैं।