नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Assembly Election 2025: विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली का राजनीतिक पारा हाई हो गया है। आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है, वहीं कांग्रेस ने 47 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक दिल्ली की एक भी सीट पर अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा दिल्ली में मध्य प्रदेश फॉर्मूले की तर्ज पर दिग्गजों को चुनावी मैदान में उतार सकती है।
दिग्गजों पर दांव लगाएगी भाजपा?
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने कई मौजूदा सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों समेत दिग्गज नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा था। चर्चा है कि इसी फॉर्मूले के तहत दिल्ली में भी कई मौजूदा सांसदों, विधायकों और पूर्व विधायकों को विधानसभा चुनाव का टिकट मिल सकता है। इसके अलावा लोकसभा चुनाव 2024 में टिकट की आस लगाए जिन नेताओं को प्रत्याशी नहीं बनाया गया था, उन्हें भी दिल्ली विधानसभा चुनाव में टिकट मिल सकता है। इसके साथ ही भाजपा कई पार्षदों और लोकल नेताओं के नाम पर भी मंथन कर रही है, जिन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट दिया जा सकता है।
इन दिग्गजों के नामों की हो रही है चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नई दिल्ली सीट से भाजपा प्रवेश वर्मा को टिकट दे सकती है। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और मीनाक्षी लेखी का नाम भी भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट में शामिल बताया जा रहा है।
कब जारी होगी भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट?
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आने के बाद अब सबको भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट का इंतजार है। दिल्ली भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के साथ मिलकर प्रत्याशियों के नाम पर मंथन कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति जल्द ही प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर सकती है।
26 साल से सत्ता से बाहर है बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी ने कई राज्यों में अपनी सरकार बना ली है, लेकिन दिल्ली में पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भी भाजपा 26 साल से सत्ता से बाहर है। इस बार पार्टी दिल्ली जीतने के लिए पूरा दम लगा रही है। यही वजह है कि प्रत्याशियों के नाम पर भी लंबा मंथन किया जा रहा है।