नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से भारत समेत पूरी दुनिया में हड़कंप मचा हुआ है। अमेरिका की एक रिपोर्ट में भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध की आशंका जताई गई है। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव से अरब देश भी चिंता में हैं। सऊदी अरब ने दोनों देशों के बीच बढ़ती तनातनी के बीच भारत और पाकिस्तानी समकक्षों से बातचीत की है। ईरान ने भी दोनों देशों से तनाव कम करने का आग्रह किया है।
भारत-पाक से सऊदी के मंत्री ने की बात
सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान ने शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों से फोन पर बात की। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x पर पोस्ट करते हुए लिखा, "सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान के साथ टेलीफोन पर बात हुई। पहलगाम आतंकी हमले और इसके सीमा पार संबंधों पर चर्चा की।"
पाकिस्तान ने सऊदी अरब से क्या बात की?
सऊदी अरब ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इशहाक डार से भी फोन पर बातचीत की। पाक विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, इशहाक डार ने सऊदी मंत्री को भारत के एक्शन के जवाब में पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति द्वारा लिए गए फैसलों की जानकारी दी। आपको बता दें कि 2019 में पुलवामा हमले के बाद भी सऊदी अरब ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने के लिए मध्यस्थता की कोशिश की थी।
ईरान ने की मध्यस्थता की पेशकश
ईरान ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की पेशकश की है। ईरान ने यह कदम क्षेत्रीय स्थिरता सुनिश्चित करने के मकसद से उठाया है। ईरान ने विदेश मंत्री सैयद अब्बस अराघची ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, "भारत और पाकिस्तान ईरान के पड़ोसी हैं, जिनके बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं।" अराघची ने कहा कि अन्य पड़ोसियों की तरह हम उन्हें अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हैं। तेहरान इस कठिन समय में दोनों देशों के बीच बेहतर समझ के लिए इस्लामाबाद और नई दिल्ली में अपने कार्यालयों का उपयोग करने के लिए तैयार है।
आतंकियों पर सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बलों ने आतंकियों पर बड़ा एक्शन लिया है। पुलवामा में आंतकवादियों के घरों को ध्वस्त कर दिया गया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने 48 घंटे के भीतर कुल 6 आतंकवादियों के घरों को ध्वस्त कर दिया है। लश्कर कैडर के एहसान अहमद शेख के घर को विस्फोट करके ध्वस्त कर दिया गया है। शोपिया में लश्कर के आतंकी शाहिद अहमद के घर को विस्फोट से उड़ा दिया गया है। कुलगाम के क्विमोह में ज़ाकिर गनी के तीसरे घर को भी ढहा दिया गया है। बिजबेहरा में आदिल थोकर के घर को विस्फोट से उड़ा दिया गया। वहीं त्राल में आसिफ शेख के घर को ध्वस्त कर दिया गया।