/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/29/Nwba200cS6UlQCuPAFYk.jpg)
Photograph: (Google)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। All Party Delegation News: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की वरिष्ठ सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में एक सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर है। इस दौरे का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर आतंकवाद के खिलाफ भारत की एकजुट और सख्त नीति को साझा करना है। प्रतिनिधिमंडल ने केपटाउन और प्रिटोरिया में दक्षिण अफ्रीकी नेताओं के साथ कई अहम बैठकें कीं। इस दौरान 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह यात्रा भारत के बढ़ते वैश्विक सहयोग और आतंकवाद के खिलाफ कूटनीतिक लामबंदी की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
कैनेथ मोरोलोंगे से भेंट की
प्रिटोरिया में भारतीय उच्चायोग ने जानकारी दी कि प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण अफ्रीका के उप मंत्री केनेथ मोरोलोंग से भेंट की और भारत की आतंकवाद विरोधी नीति साझा की। भारत का रुख साफ है आतंकवाद और उसके समर्थकों पर शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई गई है। उप मंत्री मोरोलोंग ने भारतीय दृष्टिकोण को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि यह मुद्दा राष्ट्रपति कार्यालय के समक्ष रखा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने डेमोक्रेटिक अलायंस पार्टी के नेता और कृषि मंत्री जॉन स्टीनहुइसन सहित कई वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की। डीए पार्टी ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ प्रतिबद्धता का समर्थन करते हुए पीड़ितों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की।
संसदीय समिति के साथ भी हुई बैठक
दक्षिण अफ्रीका की संसदीय समिति के साथ एक अन्य महत्वपूर्ण बैठक में, सुप्रा ओबाकेंग महुमपेलो की अध्यक्षता में, 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यह कोई उकसावे की कार्रवाई नहीं थी, बल्कि सीमा पार आतंकवाद से उत्पन्न खतरे को खत्म करने के लिए की गई सुनियोजित रणनीति थी। जोहान्सबर्ग में प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय समुदाय के साथ संवाद किया और भारत की राष्ट्रीय सहमति एवं मजबूत इच्छाशक्ति से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख नेता
- राजीव प्रताप रूडी, अनुराग ठाकुर, वी. मुरलीधरन (भाजपा)
- मनीष तिवारी, आनंद शर्मा (कांग्रेस)
- लावु कृष्ण देवरायलू (तेलुगु देशम पार्टी)
- विक्रमजीत सिंह साहनी (आप)
- सैयद अकबरुद्दीन (पूर्व राजनयिक)