नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। इस्राइल- ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ईरान को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु ऊर्जा के उपयोग का पूरा अधिकार है और रूस इसका समर्थन करता है। पुतिन ने स्पष्ट किया, "हमेशा से रूस का यही रुख रहा है कि यदि किसी देश का परमाणु कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय नियमों और निगरानी के दायरे में है, तो उसे परमाणु ऊर्जा का शांतिपूर्ण इस्तेमाल करने का अधिकार होना चाहिए।"
पश्चिमी देश ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिमी देश ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर सख्त रवैया अपना रहे हैं और इस्राइल के साथ तनाव लगातार बढ़ रहा है। पुतिन के इस रुख को रूस-ईरान सामरिक साझेदारी के रूप में देखा जा रहा है, जो वैश्विक राजनीति में अहम प्रभाव डाल सकता है।
ईरान को परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग का हक
पुतिन ने जोर देकर कहा कि ईरान को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू, ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधे बातचीत की है। रूस ने इस बातचीत में इज़रायल-ईरान टकराव को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का समाधान प्रस्ताव भी रखा है। पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा, "कोई भी देश अपनी सुरक्षा की आड़ में दूसरों की सुरक्षा को खतरे में नहीं डाल सकता।"
रूस ने अमेरिका को सैन्य दखल न करने की दी थी चेतावनी
इससे पहले ईरान-इस्राइल युद्ध में बढ़ते तनाव के बीच रूस ने गुरुवार को अमेरिका को चेतावनी दी थी कि वह किसी भी सैन्य कार्रवाई से परहेज करे। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा, "हम खासतौर पर वॉशिंगटन को आगाह करते हैं कि वह ईरान-इस्राइल संकट में कोई सैन्य हस्तक्षेप न करे। ऐसा करना बेहद खतरनाक होगा, जिसके नतीजे अप्रत्याशित और नुकसानदेह हो सकते हैं।" इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी इस्राइल के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने इस तनावपूर्ण स्थिति को कूटनीतिक तरीके से सुलझाने की अपील की।
Iran Israel conflict 2025 | iran israel war | iran vs israel | Putin latest news