/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/18/akhilesh-yadav-2025-10-18-19-08-10.jpg)
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला Photograph: (YBN)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा नफरत और बांटने की राजनीति कर रही है। अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो नीति पर चलती है। भाजपा के लोग साम्प्रदायिक और नकारात्मक सोच वाले हैं। समाज को तोड़ने का काम करते हैं। भाजपा का एनडीए निगेटिव गठबंधन है। बीजेपी पीडीए की एकता से घबराई हुई है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक नहीं, स्टार विभाजक बनकर गए हैं। बिहार के लोग साम्प्रदायिक लोगों को कभी नहीं स्वीकार करते हैं।
भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव
समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि जब से भाजपा सरकार में शिक्षा विभाग, शिक्षण संस्थाओं से लेकर ट्रांसफर पोस्टिंग सब जगह भेदभाव हो रहा है। समाजवादी पार्टी भेदभाव के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश में सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी तभी पीडीए परिवार का दुःख-दर्द दूर होगा।
भाजपा सरकार की नीतियां गरीब, किसान व युवा विरोधी
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां गरीब, किसान, युवा विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंकों में गरीबों के जो खाते खुलवाए गये थे इस सरकार ने उनका सारा पैसा अपने पास रख लिया। स्मार्ट सिटी स्मार्ट सिटी के नाम पर आया बजट लूट लिया गया। लखनऊ में जगह-जगह कूड़ा है। नाले भरे पड़े हैं। सफाई नहीं है। पूरा शहर जाम में फंसा हुआ है। यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। सरकार ट्रैफिक नहीं संभाल पा रही है। प्रदेश में बड़े शहरों में यातायात स्थिति बेहद खराब है। हर शहर में जाम की स्थिति है। आखिर स्मार्ट सिटी का फंड कहां जा रहा है? बिजली का निजीकरण करने के लिए पूरी व्यवस्था को खराब कर दिया। सरकार बिजली व्यवस्था को निजी हाथों में बेचना चाहती है। इस सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी बिजली घर नहीं लगाया।
बजट बढ़ रहा, विकास कार्य नहीं
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बजट के लूट के अलावा कोई काम नहीं किया। जब समाजवादी सरकार थी तब प्रदेश का बजट करीब चार लाख करोड़ रूपये था। उस समय समाजवादी पार्टी की सरकार ने मरीजों के लिए एम्बुलेंस चलाई, डायल 100 सेवा शुरू की। विश्वस्तरीय स्टेडियम, एक्सप्रेस-वे, पार्क बनाए। छात्र-छात्राओं को लगभग लाख लैपटॉप बांटे गये, कन्या विद्याधन, समाजवादी पेंशन दी गई। जिलों का फोरलेन सड़कों से जोड़ा गया। किसानों के लिए मंडिया बनाई गयी। किसानों की सिंचाई मुफ्त की गई। सरकारी अस्पतालों में दवाई और जांचे मुफ्त की गई थी। आज प्रदेश का बजट आठ लाख करोड़ रूपये से ज्यादा का हो गया है, लेकिन विकास का कोई कार्य नहीं दिख रहा है। पूरा बजट लूट लिया जा रहा है। लाखों करोड़ के बजट की चोरी हो रही है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त
यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। घरों में चोरिया हो रही है। महिलाएं असुरक्षित है। महिलाओं, बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा सरकार में पवित्र शहरों अयोध्या, वाराणसी में भी भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। जमींनों की बड़े पैमाने पर लूट हो गयी। भाजपा के लोगों ने तालाबों पर कब्जा कर लिया। अवैध बिल्डिंगें बना ली है। बरेली, वाराणसी समेत अन्य शहरों में सबसे ज्यादा अवैध बिल्डिंगें भाजपा के लोगों ने बनायी हैं। इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। जंगली जानवरों के हमले में बहराइच में 50 लोग घायल हो चुके है। कई की मौत हो गयी। सरकार भेड़िया, तेंदुआ और गुलदार के हमले से लोगों को नहीं बचा पा रही है।
विभिन्न दलों के नेता सपा में शामिल
विभिन्न दलों के कई नेता और समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर अखिलेश यादव ने इन सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसमें कन्नौज के राजेन्द्र कुमार कनौजिया (सेवानिवृत्त सहायक महा प्रबंधक सेन्ट्रल बैंक), अमर पाल सिंह (सेवानिवृत्त अपर जिला कृषि अधिकारी), विजय यादव निर्दलीय प्रत्याशी डुमरियागंज सिद्धार्थनगर, भाजपा नेता देवेन्द्र कुशवाहा, बबलू भाटपार, रानी देवरिया, श्याम लाल बिंद, निगुर्ण बिन्द गाजीपुर, जायस के प्रतिष्ठित परिवार से जुड़े और विभिन्न राजनीतिक दलों में प्रमुख पदों पर रहे नदीम अशरफ जायसी, भीम आर्मी जिला महोबा के पूर्व बुंदेल खंड प्रभारी रणवीर सिंह गौतम (अहिरवार), शामिल हैं। इन नेताओं के साथ भाजपा, बसपा और भीम आर्मी छोड़कर बड़ी संख्या में अन्य नेताओं ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
Akhilesh Yadav | bjp
यह भी पढ़ें- स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बड़ा गोलमाल : यूपी में महंगा, महाराष्ट्र में सस्ता
यह भी पढ़ें- लखनऊ की बिजली आपूर्ति वर्टिकल सिस्टम में बदलने की तैयारी पूरी, आज जारी हो सकता है आदेश