/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/24/electricity-privatisation-protest-2025-10-24-20-56-54.jpeg)
निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मचारियों ने भरी हुंकार Photograph: (YBN)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। पूर्वांचल और दक्षिणांचल डिस्कॉम के निजीकरण और लेसा में एक नवंबर से लागू की जा रही वर्टिकल व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों ने प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। इसी क्रम में कर्मचारियों ने लखनऊ में रेजिडेंसी उपकेन्द्र के बाहर आवाज बुलंद की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर एकत्र हुए कर्मच​रियों ने निजीकरण के खिलाफ जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया। कहा, जब तक निजीकरण का फैसला वापस नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारियों के पद समाप्त करने पर कड़ा विरोध
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के अनुसार, लेसा में वर्टिकल प्रणाली लागू कर बिजली कर्मियों के लगभग 8000 पद समाप्त किए जा रहे हैं। इनमें 6000 संविदा कर्मचारी शामिल हैं। टीजी 2 के लगभग 1350, जूनियर इंजीनियर्स के 287 और अभियंताओं के 45 पद समाप्त किए जाने का असर कामकाज पर पड़ रहा है। आरोप लगाया कि वर्टिकल प्रणाली केवल निजीकरण के लिए लागू की जा रही है। इससे कर्मचारियों और इंजीनियरों में भारी गुस्सा है।
पश्चिमांचल और मध्यांचल में निजीकरण की तैयारी
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और दक्षिणांचल की तरह पश्चिमांचल और मध्यांचल विद्युत वितरण निगमों के अंतर्गत आने वाले सभी बड़े शहरों में वर्टिकल प्रणाली लागू कर इन शहरों की बिजली व्यवस्था अर्बन डिस्ट्रीब्यूशन फ्रेंचाइजी के अन्तर्गत देने की तैयारी है। देश के जिन शहरों में निजी कंपनियां अर्बन डिस्ट्रीब्यूशन फ्रेंचाइजी के तहत काम कर रही हैं, उन शहरों में इसी प्रकार की प्रणाली लागू है। जिससे कम कर्मचारियों से अधिक काम लिया जा रहा है।
बिजली कर्मियों ने प्रदेश भर में किया प्रदर्शन
समिति के संयोजक शैलेन्द्र दुबे ने कहा कि दीपावाली के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के बाद आज बिजली कर्मियों ने लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, कानपुर, गोरखपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, बस्ती, अलीगढ़, मथुरा, एटा, झांसी, बांदा, बरेली, देवीपाटन अयोध्या, सुल्तानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, मुरादाबाद में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लखनऊ सहित समस्त जनपदों में वरिष्ठ बिजली मजदूर नेता गिरीश पांडे की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
Electricity Privatisation | vksssup
यह भी पढ़ें- निजीकरण के खिलाफ 24 से गरजेंगे बिजली कर्मचारी, वर्टिकल सिस्टम का भी करेंगे विरोध
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us