/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/05/japan-ambassador-ayodhya-visit-2025-07-05-17-44-28.jpeg)
जापान के राजदूत ओनो केइची पहुंचे अयोध्या
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। जापान के भारत में राजदूत ओनो केइची शनिवार को अपने परिवार के साथ धार्मिक नगरी अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रामनगरी के प्रमुख तीर्थ स्थलों का दर्शन किया और पूजा-अर्चना की। ओनो केइची ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित भव्य राम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीरामलला और राजा राम के दर्शन किए। हनुमान गढ़ी मंदिर में पहुंचने पर पुजारियों और मंदिर प्रबंधन की ओर से उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर की वास्तुकला और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की।
निवेश और सहयोग पर हुई बातचीत
इससे पहले राजदूत ओनो केइची ने शुक्रवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तकनीक, निवेश, युवाओं के कौशल विकास और पर्यटन जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक के दौरान यह सहमति बनी कि जापान और यूपी इन चारों क्षेत्रों में आपसी साझेदारी को और अधिक मजबूती देंगे। राजदूत ओनो ने पिछले आठ वर्षों में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जापानी कंपनियां उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए एक भरोसेमंद और उत्साहजनक राज्य के रूप में देख रही हैं। उनके अनुसार, राज्य में बेहतर बुनियादी ढांचे और अनुकूल नीतियों के कारण विदेशी निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ा है।
यह भी पढ़ें- JPNIC को बर्बाद कर रही योगी सरकार : अखिलेश यादव ने जल जीवन मिशन, जंगल कटाई पर उठाए सवाल
यह भी पढ़ें- NCC एडवेंचर कैंप : लखनऊ यूनिवर्सिटी की कैडेट सिमरन पांडे ने किया शानदार प्रदर्शन