/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/04/rain-28-j-2025-08-04-08-24-47.jpeg)
लखनऊ में रविवार को दिनभर बारिश होती रही। Photograph: (वाईबीएन)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। राजधानी लखनऊ समेत पूरे यूपी को मानसून ने अपनी चपेट में ले रखा है। रविवार को लखनऊ समेत पश्चिमी व पूर्वी यूपी के कई जिलों में दिनभर बरसात होती रही। प्रयागराज में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां गंगा यमुना पूरे उफान पर हैं और शहर के रिहायशी इलाकों में गंगा का पानी घुस गया है। लोग घरों में कैद हो गए हैं, पूरे जिले में बिजली आपूर्ति सुरक्षा कारणों के चलते बंद कर दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारी बारिश की वजह से लखनऊ में कक्षा एक से 12 तक के स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया गया है।
2-3 दिन तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ व उसके आसपास के इलाकों में दिनभर रुक रुककर बारिश होती रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 46 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है जबकि 64 जिलों में बिजली गिरने की आशंका है। प्रदेश में आने वाले 2-3 दिन तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान में कोई ज्यादा बदलाव नहीं आएगा और गर्मी व उमस से राहत रहेगी
यहां भारी बारिश होने की संभावना
/filters:format(webp)/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/04/nn-2025-08-04-08-26-50.jpg)
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार को सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मथुरा, हाथरस, आगरा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, संतकबीरनगर, बस्ती, महाराजगंज, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन व आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश की वजह से प्रदेश की अधिकांश नदियां उफान पर हैं। गंगा यमुना कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रह रही हैं। प्रयागराज, वाराणसी, भदोही और मिर्जापुर में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। नदियों के किनारे खाली करवा लिए गए हैं। कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रयागराज में गंगा का पानी लोगों के घरों तक में घुस गया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी 3-4 दिन तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।