Advertisment

UP Politics : बसपा को कमजोर करने के लिए सपा, कांग्रेस और भाजपा ने रची साजिश : मायावती

बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशीराम के 'परिनिर्वाण दिवस' पर लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित महारैली में विरोधी दलों पर तीखा हमला बोला। मायावती ने कहा कि उनकी बसपा को केंद्र की सत्ता तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र रचा गया।

author-image
Vivek Srivastav
09 a1

बसपा संस्थापक कांशीराम के 'परिनिर्वाण दिवस' पर लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित महारैली। Photograph: (सोशल मीडिया)

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने गुरुवार को पार्टी के संस्थापक कांशीराम के 'परिनिर्वाण दिवस' पर लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित महारैली में विरोधी दलों पर तीखा हमला बोला। मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी को केंद्र की सत्ता तक पहुंचने से रोकने के लिए कांग्रेस, भाजपा और सपा जैसे जातिवादी दलों ने मिलकर षड्यंत्र रचा। इन दलों ने न सिर्फ राजनीतिक रूप से बसपा को कमजोर करने की कोशिश की, बल्कि दलित वोटों को बांटने के लिए बिकाऊ लोगों को खरीदकर साजिश की।
मायावती ने कहा कि साल 2007 में जब यूपी में बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, तब इन जातिवादी पार्टियों के चेहरे बेनकाब हो गए। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस, भाजपा और सपा ने मिलकर षड्यंत्र किया कि बसपा को केंद्र की सत्ता तक न पहुंचने दिया जाए। रही-सही कसर ईवीएम ने पूरी कर दी।'
बसपा सुप्रीमो मायावती ने आरोप लगाया कि इन दलों ने बैलेट पेपर की जगह ईवीएम का इस्तेमाल कर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया, जबकि चुनाव बैलेट पेपर से भी शांति और पारदर्शिता के साथ कराए जा सकते हैं।

09 a2
महारैली को संबोधित करतीं मायावती। Photograph: (सोशल मीडिया)

कांग्रेस नेता संविधान की कॉपी लेकर नाटकबाजी कर रहे

बसपा प्रमुख ने कांग्रेस पर सबसे पहले निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर देश के संविधान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों का अपमान किया था। मायावती ने तंज कसते हुए कहा, 'कांग्रेस ने कभी भी डॉ. आंबेडकर और दलित समाज का सच्चा सम्मान नहीं किया। आज वही कांग्रेस नेता संविधान की कॉपी लेकर नाटकबाजी कर रहे हैं।'

जब सपा सरकार में थी तब कांशीराम जी के नाम पर स्मारक क्‍यों नहीं बनाए

उन्होंने सपा पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि सपा के शासन में दलितों और पिछड़ों का उत्पीड़न हुआ। मायावती बोलीं, 'सपा सरकार में कानून-व्यवस्था चरमरा गई थी। गुंडों और अराजक तत्वों को संरक्षण दिया गया। प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल था।' मायावती ने सवाल उठाते हुए कहा, 'अभी मैंने सुना कि अखिलेश यादव कह रहे थे कि अगर उनकी सरकार बनी तो कांशीराम जी के नाम पर स्मारक बनाएंगे, लेकिन जब वे सत्ता में थे तो ऐसा क्यों नहीं किया? जब सत्ता से बाहर होते हैं, तभी इन्हें बसपा के नेता और दलित समाज के संतों की याद आती है। सत्ता में आते ही सब भूल जाते हैं।'

Advertisment

सपा ने कांशीराम जी के नाम पर बने स्मारक का नाम बदला

मायावती ने कहा कि बसपा की सरकार में जिन स्मारकों और संस्थानों का नाम कांशीराम जी के नाम पर रखा गया था, उन्हें सपा सरकार ने बदलने का काम किया। उन्होंने आगे कहा कि डॉ. आंबेडकर का सपना था कि दलितों और पिछड़ों को एकजुट होकर सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में लेनी चाहिए। 
बसपा सुप्रीमो ने आगे कहा, 'डॉ. आंबेडकर का यह सपना मान्यवर कांशीराम जी के जीवनकाल में तो पूरा नहीं हो सका, लेकिन हमने इसे पूरा किया। हमने तीन बार गठबंधन सरकार और एक बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर इतिहास रचा। हमने दलितों, पिछड़ों और समानतावादी विचारधारा रखने वाले लोगों को साथ लेकर 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की नीति पर काम किया।'

हम पर झूठे केस लगाए गए, ताकि बसपा का मनोबल टूट जाए

उन्होंने फिर से आरोप लगाया कि जब बसपा सरकार मजबूत होती गई, तब कांग्रेस और भाजपा की केंद्र सरकारों ने सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश की। हम पर झूठे केस लगाए गए, ताकि बसपा का मनोबल टूट जाए, लेकिन हमने कभी हार नहीं मानी और न्याय पाने के लिए अदालतों का दरवाजा खटखटाया। 
इस मौके पर मायावती ने कांशीराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बसपा महज एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक आंदोलन है, जो समाज के दबे-कुचले वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए सतत संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि हमारे विरोधी चाहे कितनी भी साजिशें रच लें, बसपा का आंदोलन न कभी झुका है, न झुकेगा।
रैली के लिए रमाबाई अंबेडकर मैदान में बसपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था की गई। रैली में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। बसपा संगठन ने करीब पांच लाख लोगों के जुटान का दावा किया है। 
सुरक्षा के लिए कई हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए, जबकि ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए। यह रैली सिर्फ श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखी जा रही है।

यह भी पढ़ें: Crime News: फर्जी HP ऑयल कॉर्पोरेशन घोटाले के चार आरोपी गिरफ्तार

Advertisment

यह भी पढ़ें: E.O.W. के हत्थे चढ़ा गोण्डा जमीन फर्जीवाड़े का वांछित आरोपी

यह भी पढ़ें: Crime News: बागपत में एएनटीएफ ने ड्रग्स तस्करी का बड़ा नेटवर्क किया ध्वस्त, 36 लाख डोडा बरामद

Mayawati | BSP Mayawati | BSP Chief Mayawati | UP Politics | up politics 2025 | UP politics latest | UP politics today | up politics update 

Advertisment
Mayawati BSP Mayawati BSP Chief Mayawati bsp UP Politics up politics 2025 UP politics latest UP politics today up politics update
Advertisment
Advertisment