/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/22/fifth-phase-mission-shakti-2025-09-22-19-50-15.jpg)
कस्तूरबा विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां में शामिल छात्राएं Photograph: (YBN)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत सोमवार को प्रदेश भर के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां हुई। इनमें लाखों विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया। बालिकाओं ने रैलियां निकाली और नुक्कड़ नाटक के जरिए महिला सुरक्षा, शिक्षा और समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया तो अभिभावकों ने संवाद स्थापित कर बालिकाओं को मार्गदर्शन किया।
48 हजार से ज्यादा जागरूकता रैली
प्रदेश के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (KGBV) में बालिकाओं ने अपने सशक्तीकरण और बाल अधिकारों की जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मां दुर्गा के नवरूपों पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन लगभग 45 हजार से अधिक स्थानों पर किया गया। जबकि 48 हजार से ज्यादा जगहों पर बालिकाओं और बच्चों ने जागरूकता रैलियां निकालीं और बाल अधिकारों से जुड़े नारे लगाए।
1.61 लाख छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण
इन कार्यक्रमों में 3.45 लाख बालिकाएं, 2.56 लाख बालक, 45 हजार शिक्षक और 1.25 लाख अभिभावक शामिल हुए। साथ ही, 1.61 लाख बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। जिससे इस महायोजना ने बच्चों और समाज में सुरक्षा, जागरूकता और आत्मविश्वास का संदेश मजबूती से पहुंचाया। मिशन शक्ति 5.0 को नारी शक्ति और सशक्तीकरण की भावना को घर-घर तक पहुंचाने के व्यापक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
छात्राओं की शिक्षा-सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रत्येक बालिका को शिक्षा देने के साथ सशक्त, जागरूक और समाज का नेतृत्व करने योग्य बनाना हमारी सरकार का लक्ष्य है। हम इस दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। मिशन शक्ति 5.0 इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
हर बच्ची का आत्मविश्वास बढ़ाना हमारा कर्तव्य
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान, बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का संकल्प है। हर बालिका की प्रतिभा और आत्मविश्वास को निखारना हमारा प्राथमिक कर्तव्य है।
30 सितम्बर तक इन गतिविधियों में सक्रिय रहेंगी बालिकाएं
- 23 सितम्बर- छात्राओं को ‘एक दिन का अधिकारी’ बनाकर प्रशासनिक प्रक्रिया का अनुभव कराया जाएगा।
- 24 सितम्बर- ‘मीना दिवस’ का आयोजन; बालिकाओं को ‘निडर’ फिल्म दिखाकर चर्चा, रैली और नुक्कड़ नाटक।
- 25 सितम्बर- KGBV बालिकाओं द्वारा बैंक भ्रमण और खाता संचालन प्रक्रिया पर जागरूकता।
- 26 सितम्बर- विद्यालयों में ख्याति प्राप्त महिलाओं से संवाद, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और ‘सेल्फ डिफेंस क्लब’ का गठन।
- 27 सितम्बर- बालिकाओं का थाना/कोतवाली भ्रमण, FIR और गिरफ्तारी प्रक्रिया, साइबर क्राइम तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी।
- 28 सितम्बर- बाल विवाह, महिला योजनाएँ और सामाजिक मुद्दों पर नुक्कड़ नाटक।
- 29 सितम्बर- बालिकाओं को उनके अधिकार और उनके लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी।
- 30 सितम्बर- बालिकाओं का सरकारी अस्पतालों में भ्रमण; स्वास्थ्य जांच, परामर्श और जन जागरुकता।
मिशन शक्ति 5.0: बेटियों ने दिया रैलियों और नुक्कड़ नाटकों से शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण का संदेश https://t.co/DUo2Hx3nmH@thisissanjubjppic.twitter.com/KJSeCe1Enw
— Deepak Yadav (@deepakhslko) September 22, 2025
यह भी पढ़ें- कैंसर संस्थान में साइको आंकोलॉजी की ओपीडी दोबारा शुरू, SGPGI में बनेगा नया OPD परिसर
Education | UP education news