/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/07/electricity-rates-2025-09-07-21-18-57.jpeg)
बिजली कंपनियों पर बकाया के आधार बिजली दरों में कमी करे आयोग Photograph: (Google)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम (MVVNL) ने लखनऊ में एक नवंबर से वर्टिकल सिस्टम लागू करने का आदेश जारी कर दिया। पावर कारपोरेशन के अधिकारियों के अनुसार, नई व्यवस्था से बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान आसानी से हो जाएगा। उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वहीं, विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति समेत कई बिजली संगठन लगातार वर्टिकल सिस्टम का विरोध कर रहे हैं।
चारों जोन के लिए आदेश जारी
एमवीवीएनएल की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने राजधानी के चारों जोन अमौसी, लखनऊ सेंट्रल, जानकीपुरम और गोमतीनगर में वर्टिकल व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी किया है। एमडी ने दावा किया कि इस सिस्टम के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन, बिल शिकायतें और मीटर संबंधी समस्याओं का समाधान एक ही जगह किया जाएगा। वर्टिकल सिस्टम में अधीक्षण अभियंता वाणिज्य और तकनीकी के रूप में पूरी बिजली व्यवस्था और उपभोक्ता सेवा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अधिकारियों पर बढ़ेगा जिम्मेदारी का बोझ
चारों जोन में इस वक्त सिर्फ एक-एक ही अधीक्षण अभियंता हैं। इनमें भविष्य कुमार सक्सेना अमौसी, केके चौधरी लखनऊ सेंट्रल, गीता आनंद जानकीपुरम, प्रेमलता गोमतीनगर जोन की अधीक्षण अभियंता हैं। एक नवंबर से वर्टिकल सिस्टम के लागू होते ही इन्हीं अधिकारियों को वाणिज्य और तकनीकी इकाई की जिम्मेदारी संभालनी होगी। यानी नई व्यवस्था के लागू होने के पहले दिन से अधीक्षण अभियंताओं पर काम का बोझ होगा।
जरूरत न होने पर मुख्यालय से जोड़े जाएंगे कर्मचारी
वर्टिकल सिस्टम में वर्तमान के मुकाबले कम अभियंताओं और कर्मियों से बेहतर तरीके से कामकाज करने का दावा किया गया है। वर्टिकल सिस्टम में जिन अभियंताओं एवं कर्मियों की जरूरत नहीं होगी, वह मध्यांचल विद्युत वितरण निगम मुख्यालय संबद्ध होंगे। मध्यांचल निगम की एमडी उनको मुख्यालय में रखें या फिर किसी जिले में तैनाती दें यह उन पर निर्भर होगा।
सपा सांसद ने वर्टिकल व्यवस्था पर रोक की उठाई मांग
सपा सांसद डॉ एसपी सिंह बघेल ने वर्टिकल व्यवस्था पर रोक लगाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्टी लिखी है। इसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और उप्र पावर कॉरपोरेशन द्वारा बिजली विभाग में तथाकथित वर्टिकल व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यह व्यवस्था प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों कानपुर, बरेली, मेरठ, अलीगढ़ और लखनऊ में चरणबद्ध रूप से लागू की जा रही है। कानपुर, मेरठ, अलीगढ़ और बरेली में लागू वर्टिकल सिस्टम पूरी तरह असफल रहा है। इसके बावजूद एक नवम्बर से लखनऊ में इसे लागू किया जा रहा है।
electricity | mvvnl
यह भी पढ़ें- स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बड़ा गोलमाल : यूपी में महंगा, महाराष्ट्र में सस्ता
यह भी पढ़ें- लखनऊ की बिजली आपूर्ति वर्टिकल सिस्टम में बदलने की तैयारी पूरी, आज जारी हो सकता है आदेश