नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में घमासान के आसार
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव एक जुलाई को होगा। इसके लिए भाजपा ने छह पार्षदों की सूची जारी की है। इनमें से पांच पार्षदों का चयन नगर निगम की नीतिगत फैसले लेने वाली कार्यकारिणी समिति में होना है। भाजपा पार्षदों में से किसी एक का पत्ता साफ होगा। चूंकि पांच पार्षद महापौर के विरोधी माने जाते हैं। ऐसे में कार्यकारिणी के चुनाव में जोरदार हंगामे के आसार हैं। वहीं, सूची में आपसी सहमति न बनाए जाने का आरोप लगा रहा है।
मुन्ना मिश्रा महापौर के सबसे बड़े धुरविरोधी
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की तरफ से जारी सूची में पार्षद देवनाराण शर्मा 'मुन्ना मिश्रा', राजेश सिंह गब्बर, पूर्व पार्षद संतोष राय की पत्नी रीता राय, संदीप शर्मा, पृथ्वी गुप्ता और बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए अमित चौधरी हैं। महानगर अध्यक्ष का कहना है कि महापौर सुषमा खर्कवाल को छह पार्षदों की सूची सूची भेज दी है। इनमें से पांच का निर्वाचन होना है। पांच पार्षदों का चयन और किसका पत्ता कटेगा, यह महापौर तय करेंगी। पार्षदों में मुन्ना मिश्रा महापौर के सबसे बड़े धुरविरोधी माने जाते हैं। ऐसे में उन्हें कार्यकारिणी में जगह मिलना मुश्किल है।
महानगर अध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
महानगर अध्यक्ष ने आपसी सहमति से नाम नहीं तय किए जाने के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों की सहमति से 84 भाजपा पार्षदों में इन नामों का चयन किया गया है। उधर, समाजवादी पार्टी ओर से राम नरेश चौरसिया का नाम कार्यकारिणी समिति के लिए घोषित किया गया है। वर्तमान में सपा की पार्षद सबा अहसन मंसूरी वर्तमान कार्यकारिणी समिति की सदस्य हैं।
नीतिगत निर्णय लेती है कार्यकारिणी समिति
महापौर की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति नगर निगम के नीतिगत निर्णय लेने के लिए अधिकृत है। मतों की संख्या के हिसाब से भाजपा से 10 और सपा से दो पार्षद ही समिति में शामिल हो पा रहे हैं। मतदाताओं में 110 पार्षदों के अलावा नगर निगम सीमा से जुड़े विधायक और सांसद भी होते हैं। इसके अलावा नगर निगम सीमा के निवासी राज्य सभा सदस्य और विधान परिषद सदस्य भी होते हैं।
यह भी पढ़ें- मरी माता फ्लाईओवर पर अगस्त से दौड़ेगा ट्रैफिक, पांच लाख लोगों को मिलेगी राहत
यह भी पढ़ें :निजीकरण के खिलाफ जेल भरो अभियान की तैयारी, सोमवार से सिलसिलेवार आंदोलन की शुरुआत
यह भी पढ़ें :Crime News: सचिवालय के अपर निजी सचिव की पत्नी से चेन लूट, आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन
यह भी पढ़ें :Crime News: रायबरेली के युवक की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मकान मालिक ही निकला कातिल