लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। उत्तर प्रदेश पुलिस बल के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ को अब आधिकारिक रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस के पैनल में शामिल कर लिया गया है। इस फैसले के बाद यूपी पुलिस बल और उनके आश्रित मेदांता हॉस्पिटल की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
पुलिस जवानों को इलाज में बड़ी सुविधा
इस साझेदारी के तहत मेदांता हॉस्पिटल में समस्त चिकित्सा सेवाएं CGHS (केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना) द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार उपलब्ध होंगी। इससे न केवल इलाज की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, बल्कि खर्च भी नियंत्रित रहेगा। जिससे पुलिस बल के जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रदेश भर के पुलिस कर्मियों को मिलेगा लाभ
मेदांता हॉस्पिटल में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की टीम है। जो मरीजों को संपूर्ण और भरोसेमंद चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए कार्यरत हैं। यह पहल यूपी पुलिस बल के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस पैनल व्यवस्था से न केवल राजधानी लखनऊ, बल्कि प्रदेश भर में तैनात पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों को बड़ी राहत मिलेगी।