/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/09/traders-angry-over-proposed-flyover-kapurthala-aliganj-2025-07-09-20-03-14.jpeg)
व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के बैनर तले की बैठक
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। कपूरथला अलीगंज में प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों में गहरी चिंता जताई है। व्यापारियों को आशंका है कि फ्लाईओवर बनने से उनका व्यापार प्रभावित होगा और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के अस्तित्व पर संकट मंडराने लगेगा। इस मुद्दे को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के तत्वावधान में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय गुप्ता की अध्यक्षता में कपूरथला की प्रगति बाजार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय व्यापारियों ने एक स्वर में प्रस्तावित फ्लाईओवर का विरोध किया और इसे गैरजरूरी बताया।
व्यापारियों ने फ्लाईओवर को बताया अनावश्यक
व्यापारियों ने कहा कि क्षेत्र की मुख्य समस्या सहारा इंडिया तिराहा है, जहां ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है। यदि चौराहे को छोटा कर दिया जाए और ई-रिक्शा के लिए सुव्यवस्थित स्टॉप बना दिए जाएं, तो जाम की समस्या अपने आप समाप्त हो सकती है। ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता नहीं है। फ्लाईओवर निर्माण को लेकर व्यापारियों ने विरोध दर्ज करते हुए इसे व्यापार के लिए हानिकारक बताया। उन्होंने कहा कि यदि यह निर्माण हुआ, तो उनकी समस्याएं कई गुना बढ़ जाएंगी।
16 सदस्यीय संघर्ष समिति गठित
बैठक में निर्णय लिया गया कि फ्लाईओवर के प्रस्ताव को प्राथमिक स्तर पर ही रोका जाए, इसके लिए 16 सदस्यीय संघर्ष समिति का गठन किया गया। इस समिति में राजवीर सिंह, सुशील कुमार वर्मा, प्रेम बल्लभ रस्तोगी, एमपी मित्तल, सूनी भार्गव, दुर्गा शंकर भोजवानी, रोहित पाहवा, विश्वकर्मा चौरसिया, अभिषेक अग्रवाल, रंजना शर्मा, शालिनी सिंह चौहान, मोहम्मद अदनान, शांतनु, निखिल लालवानी, राजीव लालवानी और राजीव अग्रवाल को शामिल किया गया है।
जरूरत पड़ी तो व्यापारी करेंगे सड़क पर संघर्ष
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि आदर्श व्यापार मंडल व्यापारियों की इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और लखनऊ के सांसद एवं देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर इस मुद्दे पर व्यापारियों की चिंता से अवगत कराएगा और फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव निरस्त करने की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो व्यापारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में कपूरथला एवं अलीगंज क्षेत्र के सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Nagar Nigam : लखनऊ में बनेगा हाईटेक डॉग शेल्टर, एआई कैमरे से पकड़े जाएंगे आवारा जानवर
यह भी पढ़ें- BBAU में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिली नई उड़ान, एक साथ रोपे गए 2100 पौधे