/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/21/21-a6-2025-10-21-18-07-55.png)
वाहनों का फ़्लैगऑफ करते सीएम योगी। Photograph: (सोशल मीडिया)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास से पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए बीज सहायता के लिए वाहनों का फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री ने पंजाब के अन्नदाता किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार पंजाब के किसानों के साथ खड़ी है। आपदा का मुकाबला अकेले पंजाब के किसान नहीं करेंगे। भारत सरकार पर्याप्त मात्रा में फंड उपलब्ध करा रही है। आपदा से निपटने के लिए यूपी सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।
'डीबीडब्ल्यू-327 गेहूं बीज' पंजाब के लिए रवाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश का एक प्रमुख राज्य है, जिसने स्वतंत्र भारत में कृषि आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने में एक बड़ी भूमिका का निर्वहन किया। आज पंजाब में इस वर्ष हुई अतिवृष्टि के कारण विभिन्न प्रकार से जन जीवन प्रभावित हुआ है। बीज भी बाढ़ की चपेट में आने से खराब हो गया है। इसका प्रभाव वहां की खेती-बाड़ी में पड़ सकता है। प्रदेश के कृषि विभाग और उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम की ओर से 2,500 बोरे अर्थात 1000 क्विवंटल उन्नत किस्म का 'डीबीडब्ल्यू-327 गेहूं बीज' पंजाब के लिए रवाना किया जा रहा है। इस गेहूं बीज को करन शिवानी नाम से भी जाना जाता है, जो रोग प्रतिरोधी और जिंक बायो-फोर्टिफाइड है। यह बीज 155 दिनों में तैयार हो जाता है। इसकी औसतन उपज लगभग 80 क्विवंटल प्रति हेक्टेयर तक प्राप्त करने में सफलता प्राप्त हुई है। राज्य सरकार द्वारा भेजा जा रहा यह बीज उत्तर प्रदेश के बीज विकास निगम की प्रगति का प्रतीक है।
उप्र बीज विकास निगम को एक वर्ष में 137 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम की स्थिति अच्छी नहीं थी। आज उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम 148 करोड़ रुपये के लाभांश पर चल रहा है और अकेले एक वर्ष में 137 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट प्राप्त किया है। अन्नदाता किसान को समय पर उन्नत प्रजाति के बीज मिल जाए, तो उसकी लागत को कम करने और उत्पादन बढ़ाने में हमें मदद मिल सकती है। उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम ने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाकर प्रदेश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में सफलता प्राप्त की है। उत्तर प्रदेश में देश की कुल 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि आती है और देश का 21 प्रतिशत खाद्यान्न का उत्पादन करता है। आज देश की खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है। प्रदेश में 05 सीड पार्क बनाये जाने हैं, जिनमें लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की स्मृति में एक सीड पार्क बनाये जाने की कार्यवाही गतिमान है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र, कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें : UP Politics : पूर्वांचल की राजनीति में फिर धमक दिखाएंगे ये बाहुबली, जानिए कैसे
यह भी पढ़ें : UP politics : दीपोत्सव 2025 पर अखिलेश यादव का तंज, सच तो ये दृश्य हैं…