Advertisment

UP News: 'एक्‍स' पर सबसे आगे दौड़ रही अखिलेश की साइकिल, जानें कैसे!

डिजिटल वर्ल्‍ड में राजनीति भी बहुत बदल चुकी है। सोशल मीडिया राजनीति का एक अहम हिस्‍सा बन चुकी है अपने मतदाताओं को लुभाने में। सपा मुखिया इस मामले में दूसरों की तुलना में कहीं आगे दिख रहे हैं। 30 दिनों में वह योगी सरकार पर 77 बार सियासी हमले कर चुके हैं।

author-image
Vivek Srivastav
akhilesh new 1

प्रतीकात्‍मक Photograph: (सोशल मीडिया)

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। यूपी में 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां पूरे उफान पर हैं। राजनीतिक दलों के बयानवीर एक के बाद एक बयान दे रहे हैं। वार पर पलटवार हो रहे हैं। आरोप-प्रत्‍यारोप का दौर चरम पर है, जो बीतते समय के साथ बढ़ने वाला है। इन सबके बीच डिजिटल प्‍लेटफॉर्म यानी सोशल मीडिया ने एक अलग मुकाम बना रखा है। या यूं कहें कि सियासी लड़ाई अब डिजिटल प्‍लेटफॉर्म पर लड़ी जा रही है तो गलत नहीं होगा। छोटे से लेकर बड़े से बड़ा नेता इसका उपयोग कर रहा है।

30 दिन में 77 सियासी हमले किए अखिलेश ने

खैर बात करते हैं कि कौन डिजिटल वॉर में कहां है। पहले बात विपक्ष की। यूपी की बात करें तो समाजवादी पार्टी( samajwadi party) के मुखिया अखिलेश यादव(akhilesh yadav) इस मामले में सबसे आगे दिखते हैं, उनकी साइकिल सोशल मीडिया एक्‍स पर सबसे आगे निकलते दिखाई दे रही है। वह रोजाना एक्‍स के जरिए सत्‍तापक्ष यानी योगी सरकार(yogi sarkar) पर हमला करना नहीं भूलते। 23 मई से 21 जून यानी 30 दिनों में वह योगी सरकार पर 77 बार सियासी हमले कर चुके हैं। एक ही दिन में कई कई बार उन्‍होंने न केवल सीएम योगी(CM Yogi Adityanath) बल्कि पीएम मोदी पर भी निशाना साधा है। साथ ही वह दोनों डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक पर भी तंज कसना नहीं भूलते। 

इन मसलों पर सरकार को घेरा

सपा मुखिया अखिलेश यादव मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से लेकर योगी सरकार की कानून-व्‍यवस्‍था तक पर सवाल उठाते रहे हैं। साथ ही उनका अहम आरोप रहा है कि भाजपा सरकार उनके(समाजवादी सरकार के) शुरू किए गए कामों का ही फीता काट रही है। इसमें गोमती रिवर फ्रंट, जनेश्‍वर मिश्र पार्क, कानपुर की तापीय परियोजनाओं से लेकर पीडीए(पिछड़ा, दलित व अल्‍पसंख्‍यक) से अन्‍याय और किसानों के मसले तो उनके अहम विषय रहे हैं। 

अखिलेश ने अकेले संभाली कमान

अन्‍य विपक्षी दलों की बात करें तो कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय, बसपा प्रमुख मायावती कभी-कभार सत्‍ता पक्ष पर हमला करते रहे हैं लेकिन इनकी संख्‍या इतनी ही है कि उंगलियों पर गिनी जा सके। इस लिहाज विपक्ष की बागडोर अखिलेश यादव ने अकेले अपने हाथों में ले रखी है।    

Advertisment

केशव प्रसाद मौर्य ने संभाला सत्‍ता पक्ष से मोर्चा

सपा मुखिया अखिलेश यादव के सियासी हमलों का जवाब सत्‍ता पक्ष से दिए जाने की बात करें तो इसमें डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अकेले मोर्चा संभाले नजर आते हैं। अखिलेश यादव ने 23 मई से 21 जून यानी 30 दिनों में योगी सरकार पर 77 बार सियासी हमले किए तो केशव प्रसाद मौर्य ने इसी अवधि में 12 बार जवाबी हमला किया।अखिलेश इस मामले में छह गुना से भी अधिक हैं। हालांकि एक गौर करने वाली बात यह भी है कि केशव प्रसाद मौर्य के निशाने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी अधिक रही है। खैर आंकड़े तो यही बताते हैं कि धरतीपुत्र कहलाने वाले मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव अकेले ही डिजिटल वॉर में सत्‍ता पक्ष पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। ये हम नहीं आंकड़े बता रहे हैं।  

यह भी पढ़ें : UP News: सपा से निष्‍कासित विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर क्‍या बोले ब्रजेश पाठक?

यह भी पढ़ें : UP News : नगर पंचायतों को 1 करोड़ तक के काम करने की छूट

यह भी पढ़ें : UP News: ओम प्रकाश राजभर ने बताया, क्‍यों पीएम मोदी करते हैं शांति की बात?

Advertisment
CM Yogi Adityanath yogi sarkar samajwadi party Akhilesh Yadav
Advertisment
Advertisment