मुरादाबाद, वाईबीएन संवाददाता।
नगर निगम के कारनामे भी अजीबोगरीब हैं। पहले उसने पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए टेंडर निकाला। इसके बाद भारी भरकम बजट से पेडेस्टल का भी निर्माण कर डाला और बाद में मन आया तो उस पर बुलडोजर चलवा दिया। इससे अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन से जुड़े लोगों में नगर निगम के खिलाफ भारी रोष है।
दरअसल अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने नगर निगम से सम्राट पृथ्वीराज चौहान चौक पर (पीवीआर चौक पर कांठ रोड पर)उनकी प्रतिमा लगवाने की मांग की थी। मांग जायज होने पर बोर्ड की बैठक में लाये गये प्रस्ताव पर नगर निगम के सदस्यों ने अपनी मुहर लगा दी। इसके बाद पीवीआर चौक कांठ रोड पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए टेंडर निकाल दिया गया, जिसके निर्माण का ठेका कांट्रेक्टर अजय तोमर को मिला। फलस्वरूप कांट्रेक्टर ने पेडेस्टल का निर्माण भी करवा दिया।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/30/HMpK2RyM2mq8JZGaX5zW.jpeg)
इसके बाद नगर निगम के मन में जाने क्या आया? उसने कुछ दिनों बाद पेडस्टल को तुड़वा दिया। जिस पर अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई तो नगर निगम ने उक्त संगठन से कहा, तीन अन्य स्थानों की सूची दी जाए। वहां पर प्रतिमा को नहीं स्थापित किया जा सकता है। उसके बाद से अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन का प्रार्थना पत्र एक टेबल से दूसरे पर घूम रहा है। इस बारे में संगठन के उपाध्यक्ष इंजीनियर देवेंद्र सिसोदिया ने कहा कि जल्द से जल्द नगर निगम निर्णय ले और पेडेस्टल का निर्माण कराये। नहीं तो अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।