शाहजहांपुर में गर्रा नदी ने बढ़ाई चिंता, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा, अलर्ट जारी
शाहजहांपुर में गर्रा नदी का जलस्तर बढ़कर 147.250 मीटर पर पहुंचा, जो खतरे की रेखा से नीचे है। हल्की बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। खन्नौत नदी और बैराजों का स्तर स्थिर है।
शाहजहांपुर वाईबीएन संवाददाता । गर्रा नदी का बढ़ता जलस्तर प्रशासन और ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बन रहा है। रविवार को अज़ीज़गंज बंध पर नदी का जलस्तर 147.250 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के स्तर 148.800 मीटर से नीचे है, लेकिन लगातार हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी वजह से प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।
Photograph: (shahjahanpur netwrk)
खन्नौत नदी भी इस समय लोधीपुर पुल पर 144.050 मीटर पर बह रही है, जो खतरे की रेखा से नीचे है। उधर दुनी बैराज से 19,050 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 1,39,602 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों का रुझान स्थिर बताया गया है।
गर्रा का जलस्तर बढ़ने से दहशत में लोग
आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी में बाढ़ की आशंका को लेकर लोग भयभीत हैं। पिछले वर्ष इन दिनों आई भयंकर बाढ़ के चलते हुए नुकसान का दंश झेलने के बाद अब काॅलोनीवासियों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। वहीं प्रशासन ने भी कटान से बचाने के लिए गांव उमरगंज के पास अस्थायी बांध का निर्माण कराया है। पिछले वर्ष आई बाढ़ में आवास-विकास परिषद कॉलोनी, अजीजगंज, साउथ सिटी काॅलोनी, नवादा इंदेपुर और वृंदावन गार्डन, कांशीराम कालोनी आदि काॅलोनियों में पानी भर गया था।
गर्रा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण सहमे
तिलहर। गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी गांव के निकट पहुंचने से ग्रामीण सहम गए हैं। गांव में नदी के किनारे बने घरों के लोगों को चिंता सता रही है। शनिवार की सुबह गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पानी चितीबोझी व अजमाबाद गांव के किनारे तक पहुंचने लगा है। गांव के कच्चे मार्गों पर नदी का पानी आने से ग्रामीणों में दहशत है।
Photograph: (shahjahanpur netwrk)
गर्रा नदी का जलस्तर शनिवार शाम को एक मीटर बढ़ गया है। गर्रा के साथ खन्नौत नदी का भी जलस्तर बढ़ेगा। प्रशासन की ओर से बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां कर ली गईं हैं। निगरानी टीम को सक्रिय कर दिया गया है। नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। - अरविंद कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व