/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/22/2oIItYPNFmJI4ASWVnNm.jpg)
नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
शाहजहांपुर वाईबीएन संवाददाता
शहर की बदहाल बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली पूरी तरह चरमरा गई है। रोशनी गोदाम प्रभारी द्वारा ट्रैक्टरों में पेट्रोल की चोरी की जा रही है, जिससे सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है। वहीं, खराब पड़ी जेसीबी मशीनों की मरम्मत के नाम पर फर्जी बिल बनवाकर सरकारी धन की बंदरबांट की जा रही है। आवश्यक सामग्रियों की खरीद में भी भारी घोटाला किया जा रहा है, सामान को वास्तविक कीमत से कहीं अधिक दामों पर खरीदा जा रहा है।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/22/Bx1Pa4E2PJsOwcNTLwsI.jpg)
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता व्यवस्था पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में कूड़े का ढेर लगा है। नालों की सफाई नहीं हो रही है, जिससे बरसात में जलभराव की समस्या और अधिक बढ़ गई है। मच्छरों से निपटने के लिए निगम द्वारा कोई फॉगिंग या दवा छिड़काव नहीं कराया जा रहा, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। शहरवासियों से जबरन वॉटर टैक्स और हाउस टैक्स वसूला जा रहा है, जबकि बुनियादी सुविधाएं देने में निगम बुरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता से टैक्स वसूला जाना तब तक अनुचित है, जब तक उन्हें उचित सेवाएं नहीं मिलतीं।
सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर भी निगम पर उठाए सवाल
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि रेती रोड स्थित संजय स्कूल, बरेली मोड़ स्थित एसएस कॉलेज समेत कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों के पास स्पीड ब्रेकर नहीं हैं। इसके चलते स्कूली बच्चों समेत आम राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि शहर में आवारा पशुओं की भरमार है, जिनके कारण आये दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/22/EAjKvXJox7MtJpzTkUWb.jpg)
जलभराव की समस्या पर जताई चिंता
प्रदर्शन में सदर बाजार, स्टेशन रोड, घंटाघर समेत अन्य प्रमुख बाजारों में जलभराव की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि बरसात के मौसम में हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब बन जाती हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन जल्द से जल्द शहर की समस्याओं का समाधान नहीं करता है और भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगाता है, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे। साथ ही नगर निगम के खिलाफ जनआंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
ज्ञापन में मुख्य मांगें:
1. रोशनी गोदाम प्रभारी की जांच कर कार्रवाई हो
2. खराब जेसीबी मशीनों की मरम्मत घोटाले की जांच
3. नालों की तत्काल सफाई कराई जाए
4. नियमित रूप से मच्छर रोधी दवाओं का छिड़काव हो
5. स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं
6. आवारा पशुओं की समस्या का समाधान हो
7. बारिश में जलभराव रोकने के लिए ठोस इंतजाम हों
8. टैक्स वसूली पर अस्थायी रोक लगे जब तक सेवाएं दुरुस्त न हों
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि नगर निगम ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस जन व्यापक आंदोलन के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें:Shahjahanpur News : चालान से नाराज़ व्यापारी बोले, ग्राहक भागे तो सूने पड़ जाएंगे बाजार