शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता
जनपद में बादल छाए रहने के चलते न्यूनतम तापमान में 23.2 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया। वहीं दिन में तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान भी बढ़ा। मौसम विभाग के अनुसार वायुदाब में कमी आने के चलते तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।
गन्ना शोध संसाधन विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस तरह बुधवार के मुकाबले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
लू चलने की संभावना
डॉ. सिंह ने जानकारी दी कि वायुदाब में 20 मिलीबार की गिरावट आई है, जिससे अगले 24 घंटों में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। बूंदाबांदी से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। हालांकि, अगले तीन से चार दिनों में तापमान के फिर से बढ़ने और लू चलने की संभावना जताई गई है।
आपातकालीन परिस्थिति में नागरिक 112 और 1070 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:Shahjahanpur News : बिना हेलमेट चालकों पर सख्ती, 158 बाइकों का चालान, डग्गामार बस सीज
यह भी पढ़ें:Shahjahanpur News : वर्षा जल संचय पर DM ने कसी लगाम, लापरवाह अभियंता पर गिरी गाज