/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/22/sapa-2025-07-22-18-19-56.jpeg)
Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
शाहजहांपुर वाईबीएन संवाददाता । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश और सपा मजदूर सभा के प्रदेशीय आवाहन पर आज जिले में बड़ा प्रदर्शन किया गया। सपा मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्र होकर जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और महामहिम राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम प्रियंका चौधरी को सौंपा।
प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा राज्य सरकार द्वारा विद्यालयों को बंद किए जाने का प्रस्ताव रहा, जिसे लेकर सपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई। जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब और मजदूर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से वंचित कर रही है, जो पूरी तरह निंदनीय है।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हक की आवाज उठाने वालों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है। उन्होंने बंद हो रहे विद्यालयों के प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने और मजदूरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन में सपा प्रदेश सचिव विजय सिंह, जिला महासचिव रणजय सिंह यादव, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश प्रमुख महासचिव सैयद रिजवान अहमद, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव विकास चंद्र एडवोकेट, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदर्शन शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और प्रशासन को मजदूरों की मांगों से अवगत कराकर एकजुटता का संदेश दिया गया।