/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/06/ekKvkF1mfby0hlt5pX4V.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क।मुस्लिमों के प्रमुख त्याहार माने जाने वाले बकरीद को देखते हुए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत सभी राज्यों की पुलिस सतर्क रही। कई शहरों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया तो लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। दिल्ली पुलिस ने ईद-उल-अजहा से पहले रात्रि गश्त के तहत सुरक्षा अभियान चलाया। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ, अयोध्या, संभल समेत सभी प्रमुख एवं संवेदनशील शहरों में पुलिस सतर्कता बरत रही है।
जामा मस्जिद आदि क्षेत्रों पर विशेष नजर
जामा मस्जिद और उससे सटे दरियागंज आदि क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। दिल्ली दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार जैन ने कहा, 'हम सामान्य जांच कर रहे हैं। आज सप्ताहांत है और कल (शनिवार) बकरीद है। हम वाहनों की जांच कर रहे हैं। जांच का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। हम सभी से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हैं।'
साउथ दिल्ली के डीसीपी अंकित चौहान ने कहा, 'आज रात हम सामान्य गश्त कर रहे हैं। हमने दक्षिणी जिले में करीब 50 चौकियां तैनात की हैं। वरिष्ठ अधिकारियों सहित सुरक्षाकर्मी मैदान में हैं।'
उत्तर प्रदेश के डीजीपी ने दिशा-निर्देश जारी किया
उत्तर प्रदेश में बकरीद त्योहार को लेकर राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश त्योहार के दौरान शांति, कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से दिए गए हैं। डीजीपी ने सभी जिलों में संवेदनशील इलाकों और हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां पुलिस बल, पीएसी और होमगार्ड्स की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, धार्मिक स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी गश्त के आदेश भी दिए हैं।
यूपी के डीजीपी ने कहा, नई परंपरा की शुरुआत नहीं हो
राज्य पुलिस प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुर्बानी के दौरान किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होनी चाहिए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह से रोक लगी रहेगी। डीजीपी ने स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में सतर्कता बरतने और निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ में फ्लैग मार्च
राजधानी लखनऊ में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। सेंट्रल लखनऊ के डीसीपी आशीष श्रीवास्तव ने कहा, 'प्रदेश में ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जाने वाला है। इस संबंध में पुलिस ने कड़ी तैयारियां की हैं। सभी जगह पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी थानों और जोनल लेवल पर शांति समिति की बैठक हुई है जिसमें लोगों को शासन-प्रशासन से मिले निर्देशों से अवगत करा दिया गया है कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न हो।'
पुलिस ने अयोध्या में भी फ्लैग मार्च किया
भगवान राम की जन्मभूमि कहे जाने वाले अयोध्या में भी पुलिस शुक्रवार को सतर्क रही। पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं। अयोध्या के पुलिस अधीक्षक चक्रपाणी त्रिपाठी ने कहा, 'सभी से अपील है कि शांतिपूर्वक त्योहार मनाएं। जो पीस कमेटी की बैठक में तय हुआ है उनका अनुपालन सुनिश्चित करें।'