/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/02/BrOsKJeRBV3BdfdlRhnR.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। आसमान में उड़ते परिंदे कभी-कभी विमानों के लिए संकट पैदा कर देते हैं। सोमवार को रांची जा रहे इंडिगो के एक विमान को आपात लैंडिंग करनी पड़ी। असल में विमान जब 4000 फीट की ऊंचाई पर था तब एक गिद्ध उससे टकरा गया। उड़ान भर रहे विमान से पक्षी यदि टकराए तो उसपर बड़ा प्रहार होता है और ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी रहती है। अधिकारियों ने कहा कि गिद्ध के टकराने के बाद विमान को थोड़ा नुकसान हुआ, लेकिन कोई अनहोनी नहीं हुई।
विमान में कुल 175 यात्री सवार थे
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि घटना के दौरान इंडिगो के विमान में कुल 175 यात्री सवार थे। विमान की आपात लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। किसी भी यात्री को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
पटना से रांची आ रहा था विमान
हवाई अड्डा के निदेशक आरआर मौर्य ने कहा, 'पटना से रांची आ रहा इंडिगो का विमान जब रांची के करीब पहुंच चुका था तभी एक पक्षी से टक्कर हो गई। उस समय विमान हवाई अड्डे से करीब 10 से 12 नॉटिकल मील दूर और करीब तीन से चार हजार फीट की ऊंचाई पर था। दोपहर एक बजकर 14 मिनट पर यह घटना घटी थी। '
रांची से कोलकाता जाने वाला था विमान
मौर्य ने कहा, 'इस घटना के बाद से इंजीनियरों की टीम विमान को हुए नुकसान की जांच कर रही है।' वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा कि पटना से रांची आने के बाद इंडिगो का यह विमान पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता जाने वाला था।