कोलकाता, वाईबीएन नेटवर्क। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के मेचुआपट्टी इलाके में मंगलवार रात एक होटल में
आग लगने से भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ऋतुराज होटल में लगी आग, बचाव में जुटी रहीं 10 दमकल गाड़ियां
कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि आग रात करीब 8:15 बजे बुर्राबाजार स्थित ऋतुराज होटल में लगी। यह इलाका पूर्वी भारत का सबसे बड़ा थोक बाजार है और बेहद घना बसा हुआ है। आग लगते ही होटल में रह रहे लोग खिड़कियों और संकरी गलियों से भागने की कोशिश करते दिखे। कुछ लोगों ने चौथी मंजिल से कूदने की कोशिश की, जिससे वे घायल हो गए। दमकल विभाग की 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भीड़भाड़ के कारण राहत कार्य में बाधाएं आईं, लेकिन कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रशासन और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया
घटना के बाद कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम और पुलिस आयुक्त ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "बुर्राबाजार की आग त्रासदीपूर्ण है। मैं भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए
अग्नि सुरक्षा की सख्त निगरानी की मांग करता हूं।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर निगम की आलोचना की
राज्य कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कोलकाता नगर निगम की आलोचना करते हुए कहा- यह हादसा प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। इमारत में कोई सुरक्षा उपाय नहीं थे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है।