नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। हरियाणा का मशहूर इंस्टा मॉडल और इन्फ्लुएंसर सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख रतिया को नोएडा एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर नवी मुंबई पुलिस को सौंप दिया है। इस पर 27 वर्षीय केमिस्ट अलविना किशोरसिंह राजपूत उर्फ अलविना अदामाली खान की 18 मई को नवी मुंबई में हुई नृशंस हत्या का आरोप है। सुखप्रीत ने पांच लाख सुपारी लेकर महिला की हत्या की थी।
पांच लाख की सुपारी देकर पति ने कराई थी हत्या
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या की सुपारी किशोर सिंह नामक व्यक्ति ने दिया था, जिसने अपनी पत्नी अलविना की हत्या का षडयंत्र रचा और सुखप्रीत को सुपारी दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलविना किशोरसिंह राजपूत उर्फ अलविना अदामाली खान की 18 मई की रात को उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। रात में जब वह घर लौट रही थीं, तो एक नकाबपोश हमलावर उनके पास पहुंचा और उनका गला रेत दिया। वह मौके पर ही गिर गई और अत्यधिक रक्तस्राव से उसकी मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/26/8cxfeBLNoWIhfnp6Ugx3.jpg)
गाजियाबाद की रहने वाली युवती ने दिलाई थी सुपारी
हरियाणा के फतेहाबाद के रतिया कस्बे के रहने वाले 24 वर्षीय सुख रतिया ने सिर्फ 12वीं तक पढ़ाई की है। मॉडलिंग करने की इच्छा से वह 2022 में अपने मामा के लड़के गुरप्रीत सिंह के साथ मुंबई पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात सैलून चलाने वाली एक महिला से हुई, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि सुखप्रीत को इसी महिला ने 5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दिलवाई। हत्या की सुपारी किशोर सिंह नामक व्यक्ति दी थी, जो अपनी पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था।
'सुख रतिया वाला' नाम से मशहूर है सुखप्रीत
सोशल मीडिया पर 'सुख रतिया वाला' के नाम से मशहूर सुखप्रीत को नवी मुंबई में कथित तौर पर एक कॉन्ट्रैक्ट किलिंग को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उसकी गिरफ्तारी भी काफी नाटकीय अंदाज में हुई।
नोएडा के सूरजपुर से किया गया गिरफ्तार
यूपी एसटीएफ और मुंबई पुलिस ने संयुक्त अभियान में सुख रतिया वाला और उसके चचेरे भाई गुरप्रीत सिंह को नोएडा के सूरजपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान सुखप्रीत ने कथित तौर पर उसके पति के निर्देश पर 5 लाख रुपये के लिए महिला की हत्या करने की बात कबूल की। गौरतलब है कि सुख रतिया वाला के इंस्टाग्राम पर 525K फॉलोअर्स हैं। अब सवाल उठता है कि इन्फ्लुएंसर सुख रतिया वाला कौन है?
सुख रतिया वाला कौन है?
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया के कर्मचारी कॉलोनी के वार्ड-15 में रहने वाला सुखप्रीत उभरता हुआ मॉडल और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं। सुख रतिया ने महिलाओं को लेकर विवादित वीडियो के जरिए लोकप्रियता हासिल की, जिसने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके फॉलोअर्स की संख्या में बढ़ोतरी की। पंजाब की एक लड़की से विवाद और धमकियों का सामना करने के बाद, वह 2022 में अपने चचेरे भाई गुरप्रीत के साथ मुंबई चले गए। तब से, वह मॉडलिंग के अवसरों की तलाश में वहीं रह रहे थे।
अलवीना किशोरसिंह राजपूत हत्याकांड
18 मई की रात को नवी मुंबई के सेक्टर-5 में रेडिएंस स्प्लेंडर बिल्डिंग के बाहर अलवीना (27) की हत्या कर दी गई। वह और उनके पति किशोर सिंह चार साल से यहीं रह रहे थे और मेडिकल स्टोर चलाते थे। यह हमला रात 11:30 बजे से 12:30 बजे के बीच हुआ, जब अलवीना घर लौट रही थीं। दो नकाबपोश लोगों ने आकर उनका गला रेत दिया और भाग गए। सीसीटीवी फुटेज में यह खौफनाक वारदात कैद हो गई। छानबीन में पता चला कि वैवाहिक समस्याओं के कारण उनके पति किशोर सिंह ने हत्या की साजिश रची थी। उसने गाजियाबाद की अलीशा धनप्रकाश त्यागी और अमृतसर की चरणजीत फतेहसिंह कौर उर्फ डिंपल के साथ मिलकर अपनी पत्नी को खत्म करने के लिए 5 लाख रुपये की पेशकश की।
सुख रतिया वाला का कबूलनामा
रिपोर्ट के अनुसार, पूछताछ के दौरान सुखप्रीत ने स्वीकार किया कि उसने आर्थिक तंगी के कारण कॉन्ट्रेक्ट किलिंग को स्वीकार किया। सुखप्रीत और गुरप्रीत अपराध करने के बाद नोएडा भाग गए। मुंबई पुलिस ने नोएडा एसटीएफ की मदद से उन्हें घंटा गोल चक्कर इलाके में ट्रैक किया और गिरफ्तार कर लिया। बीएनएस धारा 103(1) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसने पीड़ित की टोह लेने, चाकू ऑनलाइन खरीदने और विस्तृत योजना के साथ हत्या को अंजाम देने की बात कुबूल की।