/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/05/murder-mystery-2025-08-05-17-15-38.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। 34 साल की सोनिया अपने पति से आजिज आ गई थी। पेशेवर अपराधी प्रीतम उसके साथ वहशियाना सलूक करता था। इसी दौरान महिला को सच्चा प्यार मिल जाता है और वो पति को ठिकाने लगाने की साजिश रचने लग जाती है। प्रेमी संग मिलकर वो प्रीतम को ठिकाने लगा भी देती है। लेकिन एक छोटी सी गलती उनका पर्दाफाश कर देती है और पुलिस उनको धर लेती है। हत्या करीने से की गई थी पर प्रेमी की गलती भारी पड़ गई। उसने प्रीतम को मारने के बाद उसका फोन अपने पास रख लिया था।
सोनिया ने 16 की उम्र में 42 वर्षीय प्रीतम से शादी की थी। परिवार को इस शादी पर आपत्ति थी पर वो नहीं मानी। आपत्तियों के बावजूद शादी की थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। दोनों दिल्ली के अलीपुर में रहते थे। प्रीतम नशे का आदी होने के साथ पेशेवर अपराधी भी था।
सोनिया ने प्रीतम को नशा और अपराध छोड़ने के लिए कई दफा कहा पर कोशिशें कामयाब नहीं हुईं। वह नशे में घर आता और उसके साथ मारपीट करता था। पति के वहशियाना बर्ताव को झेलते झेलते वो 2023 में सोशल मीडिया के जरिये एक कैब ड्राइवर रोहित से जुड़ीं। दोनों के बीच रिश्ता शुरू हुआ और आखिरकार उन्होंने शादी करने का फैसला किया। लेकिन प्रीतम एक बाधा बन रहा था। सोनिया ने फैसला किया कि प्रीतम को मरना ही होगा।
फेल हो गया था सोनिया का प्लान A
पिछले साल 2 जुलाई को उसका प्रीतम से झगड़ा हुआ और वह हरियाणा के सोनीपत में अपनी बहन दीपा के घर गई। रोहित उसे गाड़ी में लेकर सोनीपत गया था। रास्ते में उसने रोहित से प्रीतम की हत्या करने को कहा ताकि वे साथ रह सकें। रोहित हत्या के एक मामले में शामिल रहा था। वो दिल्ली-सोनीपत रूट पर कैब ड्राइवर का काम करता था। लेकिन रोहित ने सोनिया से कहा कि वह प्रीतम की हत्या नहीं कर पाएगा। उसने उससे 6 लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा ताकि वह एक हत्यारे को सुपारी दे सके। सोनिया के पास इतने पैसे नहीं थे। बातचीत आगे नहीं बढ़ी और रोहित सोनिया को उसकी बहन के घर छोड़ आया।
फिर बनाया गया प्लान B
पिछले साल 5 जुलाई को प्रीतम सोनिया को घर लाने के लिए सोनीपत गया। उनके बीच फिर से बहस हुई। उसे मारने की ठानकर सोनिया ने अपनी बहन के देवर विजय से संपर्क किया। विजय ने कहा कि वह 1 लाख रुपये में प्रीतम की हत्या कर देगा। सोनिया ने कहा कि वह केवल 50 हजार रुपयों का इंतजाम कर सकती है। थोड़ी हीलाहवाली के बाद सौदा तय हो गया। उसी शाम प्रीतम ने फिर सोनिया से अपने साथ घर चलने का आग्रह किया। वो नहीं मानी, लेकिन उसने प्रीतम को उस रात अपनी बहन के घर रुकने के लिए राजी कर लिया। फिर सोनिया ने विजय से कहा कि वह उसी रात प्रीतम को खत्म कर दे।
प्रीतम और विजय नीचे सो गए, जबकि सोनिया और बाकी लोग छत पर चले गए। विजय ने प्रीतम की हत्या कर दी। उसकी लाश को चादर में लपेटा और नाले के पास फेंक दिया। सोनिया को प्रीतम का फोन मिल गया और उसने उसे अपने पास रख लिया। कुछ दिनों बाद, प्रीतम की लाश नाले में मिली। उसकी पहचान नहीं हो पाई और मामला ठंडा पड़ गया। सोनिया ने अलीपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति 5 जुलाई से लापता है। उसने प्रीतम का फोन रोहित को दे दिया और उससे कहा कि वो फोन को डिस्ट्राय कर दे।
प्रीतम का फोन बना अहम कड़ी
हत्याकांड का खुलासा एक लापता अपराधी के लापता होने की जांच से शुरू हुआ। क्राइम ब्रांच को पता चला कि प्रीतम कई महीनों से लापता था। उसकी पत्नी ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिला। जब उन्होंने प्रीतम के फोन को ट्रैक किया तो पता चला कि वो इस्तेमाल में था। उसकी आखिरी लोकेशन सोनीपत थी। सोनिया के कहने के बावजूद रोहित ने प्रीतम का फोन डिस्ट्राय नहीं किया था। पुलिस ने रोहित पर नजर रखी तो उसका आपराधिक इतिहास सामने आया। आखिरकार, उसे हिरासत में लेकर उससे कड़ी पूछताछ की गई। रोहित ने पहले तो ध्यान भटकाने की कोशिश की। उसने कहा कि उसने किसी से फोन खरीदा था। लेकिन जब उससे और पूछताछ की गई तो वह टूट गया। फिर उसने सारी कहानी बयां कर दी।
रोहित के खुलासे के बाद पुलिस ने सोनिया को पकड़ लिया और उससे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, शुरुआती इनकार के बाद सोनिया ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने माना कि प्रीतम की हत्या के लिए विजय को पैसे दिए थे। उसने यह भी बताया कि प्रीतम के शव को ठिकाने लगाने के बाद विजय ने उसे उसकी तस्वीरें भेजी थीं। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने इसके बाद हरियाणा पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि नाले में मिले शव की पहचान नहीं हो सकी पर उसका डीएनए सैंपल सेफ था।
प्रेमी ने दिया धोखा, किसी और से कर ली शादी
सोनिया ने पुलिस को यह भी बताया कि प्रीतम की हत्या के बाद उसने विजय को 50 हजार रुपये दिए। फिर उसने उसकी एक गाड़ी बेचकर 2.80 लाख रुपये जमा किए। उसने कुछ पैसे रोहित को दिए और कुछ खर्च कर दिए। इस दौरान उसने रोहित से पूछा कि क्या उसने प्रीतम का फोन डिस्ट्राय कर दिया है। उसने कहा हां, एक ऐसा झूठ जिसकी उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी। रोहित और सोनिया को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। विजय भी हिरासत में है। लेकिन सोनिया को उस समय जोर का झटका लगा जब उसे पता चला कि जिस रोहित के लिए उसने अपने पति की हत्या कराई वो उसे बगैर बताए किसी और के साथ सात फेरे ले चुका है। crime report | crime story India | Crime Patrol Real Story | crimenews | crime latest story | Crime News India