/young-bharat-news/media/media_files/2025/01/25/DDryHpdb12q48bvgavnm.jpg)
Congress Vs AAP: दिल्ली में चुनावी रण में अब पोस्टर वॉर छिड़ गई है। अब आम आदमी पार्टी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। आप ने राहुल गांधी को बेईमानों की लिस्ट में शामिल किया है। दरअसल, आम आदमी पार्टी ने पोस्टर जारी किया है, जिसमें भाजपा नेताओं के साथ राहुल गांधी को बेईमान बताया गया है। वहीं अरविंद केजरीवाल को अकेला ईमानदार बताया गया है।
बेईमानों की लिस्ट के सेंटर में 'राहुल गांधी'
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर शेयर किया है। इस पोस्टर में लिखा है, "केजरीवाल की ईमानदारी सभी बेईमान लोगों पर भारी पड़ेगी।" वहीं पोस्टर के कैप्शन में लिखा है, 'एक अकेला।' पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ऊपर सीधा निशाना साधा गया है। दरअसल, इस पोस्टर में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर है। राहुल गांधी और सीएम योगी को पोस्टर के सेंटर में रखा गया है। वहीं इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, अनुराग ठाकुर, रमेश बिधुड़ी और कांग्रेस नेता अजय माकन और संदीप दीक्षित की तस्वीर भी शामिल है।
आपस में भिड़े 'इंडिया ब्लॉक' के दल
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों पार्टियों ने एकजुट होकर सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा था। अब दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस आमने सामने हैं। इससे इंडिया गठबंधन भी दो धड़ों में बंटता हुआ नजर आ रहा है। समाजवादी पार्टी और टीएमसी आम आदमी पार्टी का समर्थन कर रही है। ऐसे में कांग्रेस अलग-थलग पड़ती हुई नजर आ रही है। अब आम आदमी पार्टी ने सीधा कांग्रेस और राहुल गांधी के ऊपर हमला बोला है।
ये भी पढ़ें: Crypto Ponzi Scam: देशभर में 350 करोड़ रुपये के क्रिप्टो पोंजी घोटाले का खुलासा, 7 राज्यों में CBI की रेड
आप का समर्थन कर रही कांग्रेस?
दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते सभी प्रत्याशियों ने प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। भाजपा और आम आदमी पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है। वहीं कांग्रेस का प्रचार कार्यक्रम सुस्त पड़ता हुआ नजर आ रहा है। कांग्रेस के कद्दावर नेता और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अब तक दिल्ली चुनाव प्रचार से दूरी बनाई हुई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस पीछे के दरवाजे से आम आदमी पार्टी का समर्थन कर रही है। लेकिन आम आदमी पार्टी सीधे कांग्रेस पर हमलावार है, जिससे जाहिर होता है कि दोनों पार्टियां दिल्ली चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ काम कर रही हैं।