दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब केवल कुछ ही गिनती के दिन बचे हैं लेकिन नेताओं की बयानबाजी, आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला खत्म नहीं हो रहा है। इसी कड़ी में अब केजरीवाल ने एक और बड़ा आरोप भाजपा पर लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिख दिया है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर दावा किया है कि नई दिल्ली विधानसभा में AAP कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धमकाया और परेशान किया जा रहा है।
केजरीवाल ने लिखा चुनाव आयुक्त को पत्र
उन्होंने पत्र में लिखा है, "मैं चुनाव के दिन से पहले नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस द्वारा हमारे जमीनी स्तर के स्वयंसेवकों को दी जा रही धमकी और उत्पीड़न पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करने के लिए लिख रहा हूं। कल, हमारे वरिष्ठ स्वयंसेवक चेतन (प्रिंसेस पार्क पार्ट-2 के निवासी) को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में BNSS, 2023 की धारा 126 के तहत मामला दर्ज किया गया, इस आधार पर कि उनके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं, जबकि ऐसा कोई मामला नहीं है। उन पर बेशर्मी से ऐसे आरोप लगाए गए जो उन्होंने कभी किए ही नहीं।
पुलिस अधिकारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप
पुलिस अधिकारियों द्वारा उन्हें इस हद तक गंभीर शारीरिक दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा कि वे बेहोश हो गए और बाद में उन्हें लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया। बाद में, काफी संघर्ष के बाद, उन्हें संबंधित रिटर्न ऑफिसर/SDM के सामने पेश किया गया और जमानत दे दी गई, इस मामले में उन्हें बेशर्मी से फंसाया गया था।"
केजरीवाल ने की ये मांग
चिट्ठी में केजरीवाल ने कुछ मांग भी रखी हैं। चिट्ठी में केजरीवाल ने लिखा कि नई दिल्ली विधानसभा में इंडिपेंडेंट इलेक्शन ऑब्जर्वर नियुक्त किए जाएं। चुनाव आयोग आम आदमी पार्टी के वॉलंटियर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करें। ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार पुलिस वालों को तुरंत सस्पेंड किया जाए। हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
आम आदमी पार्टी ने हालातों के लेकर किए ट्वीट
आम आदमी पार्टी द्वारा एक फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया गया। इस पोस्ट के माध्यम से भाजपा पर आरोप लगाए गए। पोस्ट में लिखा गया कि भाजपा के गुंडे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रचार करने से रोकने के लिए लगातार जानलेवा हमला कर रहे हैं। वहीं, एक वीडियो को रीट्वीट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने लिखा, "लीजिए। अमित शाह को गाना गाते हुए और नाचते हुए देश के युवाओं से भी डर लगने लगा है। जब किसी सत्ता को युवाओं से डर लगने लगे, तो ये इस बात के लक्षण होते हैं कि ये सत्ता के आखिरी दिन हैं।"
नई दिल्ली सीट पर कड़ा मुकाबला
बता दें नई दिल्ली विधानसभा सीट से चौथी बार अरविंद केजरीवाल मैदान में हैं। इनके सामने भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस से संदीप दीक्षित हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है। तीनों पार्टी के प्रत्याशी दावा कर रहे हैं कि जीत उनकी होनी तय है। 5 फरवरी को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। 8 फरवरी को 70 विधानसभा सीटों पर परिणाम आएंगे।