नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Election Exit Poll: दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। नतीजों के लिए शनिवार तक का इंतजार करना होगा। चुनावी नतीजों से पहले एग्जिट पोल सामने आ गए हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है, जिससे भाजपा खेमे में खुशी की लहर है। वहीं एग्जिट पोल्स आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के लिए चिंताजनक हैं। एग्जिट पोल्स पर सभी सियासी दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
किसकी बनेगी सरकार?
वोटिंग खत्म होने के बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर 11 एग्जिट पोल्स सामने आए हैं, जिनमें से 9 में भाजपा को बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। 2 एग्जिट पोल के मुताबिक, आम आदमी पार्टी दिल्ली की सत्ता में वापसी करेगी। वहीं कांग्रेस मुकाबले से बहुत दूर नजर आ रही है। दिल्ली में कांग्रेस को 2-3 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। हालांकि 8 फरवरी को नतीजे सामने आने के बाद ही क्लीयर होगा कि दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी।
BJP में खुशी की लहर!
एग्जिट पोल से भारतीय जनता पार्टी के खेमे में खुशी की लहर है। चुनावी नतीजे आने से पहले ही भाजपा नेताओं ने दिल्ली में भाजपा सरकार बनने का दावा कर दिया है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली की जनता को धन्यवाद देते हुए दावा किया कि भाजपा 27 साल बाद सत्ता में लौट रही है। वहीं भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने एग्जिट पोल पर कहा कि दिल्ली वालों ने भारी उत्साह के साथ मतदान किया है। 8 फरवरी को दिल्ली में कमल खिलेगा, यहां भाजपा की सरकार बन रही है।
यह भी पढ़ें: Delhi Exit poll पर भाजपा नेताओं का बयान, बोले- "आपदा जा रही है..."
AAP में थोड़ी खुशी, थोड़ा गम
आम आदमी पार्टी एक दशक से दिल्ली की सत्ता पर काबिज है। वीप्रसाइड और माइंड ब्रिंक के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है, लेकिन ज्यादातर एग्जिट पोल भाजपा को बहुमत मिलने का इशारा कर रहे हैं। ऐसे में एग्जिट पोल से AAP खेमे में तनाव का माहौल होना लाजिमी है। हालांकि आप नेता एग्जिट पोल को गलत बता रहे हैं और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का दावा कर रहे हैं।
AAP नेताओं ने एग्जिट पोल पर क्या कहा?
आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने एग्जिट पोल्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एग्जिट पोल्स ने हमेशा AAP के खिलाफ गलत साबित किया है। हम इस बार भी सरकार बनाएंगे। वहीं आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 2013, 2015 और 2020 में भी एग्जिट पोल्स में हमें कम सीटें दिखाई जा रही थीं, लेकिन आप का वोट शेयर हमेशा एग्जिट पोल से अधिक रहता है।
यह भी पढ़ें: Delhi Election: वोटिंग के बाद जबरदस्त बवाल, संगम विहार में भिड़े AAP और BJP प्रत्याशी
एग्जिट पोल पर कांग्रेस का रिएक्शन
एग्जिट पोल के नतीजे कांग्रेस के लिए सबसे चिंताजनक हैं। सभी एग्जिट पोल्स में कांग्रेस को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। अब ऐसे में कांग्रेस मुख्य मुकाबले से बहुत दूर नजर आ रही है। कांग्रेस नेताओं के बयान ये जाहिर कर रहे हैं कि पार्टी ने नतीजों से पहले ही हार मान ली है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर एग्जिट पोल पर यकीन किया जाए तो उनकी (भाजपा) सरकार बन रही है, लेकिन एग्जिट पोल आम आदमी पार्टी को कम आंक रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि अगर रुझान वैसा ही रहा जैसा दिखाया जा रहा है तो उनकी स्थिति इतनी खराब होगी।
यह भी पढ़ें: Delhi Exit poll: दिल्ली में भाजपा की डबल इंजन सरकार आने के संकेत, आप को भारी नुकसान