नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। राजधानी में चुनावी प्रचार चरम पर पहुंच गया है। सियासी दल अपनी जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। हर रोज अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दिग्गज नेता चुनावी रैली कर रहे हैं। इस बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस...सभी दल अपने कद्दावर नेताओं से प्रचार करवा रहे हैं।
भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत
2020 और 2015 के विधानसभा चुनाव में भाजपा दिल्ली की सत्ता से कुछ ही कदम की दूरी पर रह गई थी। अब भारतीय जनता पार्टी 2025 में दिल्ली की सत्ता पाने की पूरी कोशिश कर रही है। भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान चरम पर है। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लगातार दिल्ली में चुनावी रैलियां कर रहे हैं। इसके अलावा भाजपा ने कई राज्यों से मुख्यमंत्रियों को भी दिल्ली के चुनावी मैदान में प्रचार के लिए भेजा है। दिल्ली में पूर्वांचली वोटर बड़ी तादाद में हैं, ऐसे में भाजपा ने पूर्वांचल से कई नेताओं को चुनावी अभियान के लिए बुलाया है। भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के ऊपर लगातार हमला बोल रही है। दिल्ली वासियों के लिए भाजपा ने कई चुनावी वादे किए हैं। पार्टी ने अपनी पूरी ताकत चुनावी प्रचार में झोंक दी है, अब देखना होगा कि चुनावी नतीजों पर इसका कितना असर पड़ता है।
आम आदमी पार्टी का चुनावी प्रचार
भलें ही दिल्ली की सत्ता फिलहाल आतिशी के पास हो, लेकिन आम आदमी पार्टी की असली चाबी अरविंद केजरीवाल के पास ही है। अरविंद केजरीवाल जोर-शोर से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसके अलावा पंजाब के सीएम भगवंत मान भी दिल्ली में लगातार चुनावी सभाएं और रैलियां कर रहे हैं। वहीं सीएम आतिशी और मनीष सिसोदिया भी पार्टी की जीत के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं और लगातार प्रचार में जुटे हुए हैं। चुनावी सभाओं में आम आदमी पार्टी के नेता अपनी मुफ्त की योजनाओं का जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi Election: हैट्रिक लगाएगी AAP या BJP-Congress करेंगी बड़ा खेल, शाहदरा सीट पर कौन मारेगा बाजी?
कांग्रेस ने तेज किया प्रचार अभियान
दिल्ली में कांग्रेस अपनी खोयी हुई जमीन एक बार वापस पाना चाहती है। कांग्रेस ने लंबे मंथन के बाद दमदार प्रत्याशी उतारे हैं। पार्टी का चुनावी प्रचार भाजपा और आप के मुकाबले थोड़ा सुस्त दिखाई पड़ रहा था, लेकिन अब दिल्ली के चुनावी मैदान में राहुल गांधी की एंट्री हो गई है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के लिए प्रचार अभियान शुरू कर दिया है, जिससे अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जान आ गई है। प्रियंका गांधी भी दिल्ली में प्रचार कर रही हैं। इसके अलावा पार्टी के कई दिग्गज नेता भी लगातार रैलियां कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी, सत्ताधारी आप और भाजपा के ऊपर हमला बोल रही है। मतदान की तारीख नजदीक आते ही कांग्रेस ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।
ये भी पढ़ें: Delhi Election: 'आप' ने कहा नौटंकी करके लौट गए CM हरियाणा, PM मोदी के लिए भी कही ये बड़ी बात