/young-bharat-news/media/media_files/2025/01/26/nWWtivYqP3KZOJCeGnjS.jpg)
Rajouri Garden Vidhansabha: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में राजौरी गार्डन सीट एक बार फिर से हॉट सीट बन गई है। इसे मिनी पंजाब के तौर पर जाना जाता है। यह सीट पिछले कई सालों से राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय रही है, और इस बार भी यहां जोरदार मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा, आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि कौन राजौरी गार्डन की जनता के दिलों में अपनी जगह बनाता है।
राजौरी गार्डन में कौन मारेगा बाजी?
2025 के चुनाव में एक बार फिर राजौरी गार्डन सीट पर जोरदार मुकाबला हो रहा है। भाजपा ने मनजिंदर सिंह सिरसा को मैदान में उतारा है, जबकि आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर से धनवती चंदेला पर दांव लगाया है। कांग्रेस ने इस सीट से धर्मपाल चंदेला को टिकट दिया है, और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस त्रिकोणीय मुकाबले में कौन जीतता है।
कांग्रेस का गढ़ रहा है राजौरी गार्डन
राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। इसे 1977 में विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित किया गया था। इस सीट पर पहली बार 1977 के विधानसभा चुनाव में जनता पार्टी के हरभगवान अरोड़ा ने जीत हासिल की थी। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने लगातार पांच चुनावों में यहां जीत दर्ज की। कांग्रेस के अजय माकन इस सीट से सबसे ज्यादा तीन बार विधायक बने। साल 1993 से लेकर 2008 तक इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की और इस तरह राजौरी गार्डन को कांग्रेस का अभेद्य किला कहा जाने लगा। साल 2013 में कांग्रेस के गढ़ में शिरोमणि अकाली दल के मंजिन्दर सिरसा ने सेंध लगाई। अब आम आदमी पार्टी का कब्जा इस सीट पर है।
AAP ने किया राजौरी गार्डन पर कब्जा
2015 में आम आदमी पार्टी ने यहां से जरनैल सिंह को मैदान में उतारा, और उन्होंने जीत हासिल की। हालांकि, 2017 में जरनैल सिंह के निधन के बाद उपचुनाव हुआ, जिसमें भाजपा के मनजिंदर सिंह सिरसा ने जीत दर्ज की। 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की धनवती चंदेला ने इस सीट पर वापसी की और भाजपा के रमेश खन्ना को हराकर जीत हासिल की थी।
यह भी पढ़ें: Republic Day 2025: आखिर प्रधानमंत्री क्यों नहीं फहराते गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा? जानिए वजह
चुनावी मुद्दे
राजौरी गार्डन सीट एक हाई-प्रोफाइल सीट मानी जाती है। इस विधानसभा क्षेत्र में सिख समुदाय के लोग बड़ी तादाद में रहते हैं। ऐसे में सिक्ख वोटर चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यहां की कई कॉलोनियां दिल्ली की पॉश कॉलोनियों में शामिल हैं, और मैन मार्केट, नेहरू मार्केट जैसे प्रमुख बाजार इस क्षेत्र के पहचान बने हुए हैं। इसके अलावा, इस इलाके में कई मॉल्स और बुनियादी सुविधाओं की भरमार है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में अब भी विकास की दरकार है।
राजौरी गार्डन पर हर पार्टी की नजर
राजौरी गार्डन विधानसभा में हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रैली की। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। वहीं आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल भी राजौरी गार्डन विधानसभा में चुनावी रैली कर चुके हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी आने वाले दिनों में यहां दिल्ली चुनाव प्रचार के लिए पहुंच सकते हैं। इससे जाहिर होता है कि राजौरी गार्डन विधानसभा सियासी लिहाज से बेहद खास है और यही वजह है कि हर राजनीतिक दल का फोकस इस सीट पर है।
ये भी पढ़ें: Republic Day 2025 : शारदा सिन्हा, पंकज उधास, सुशील मोदी समेत इन्हें मिलेगा मरणोपरांत पद्म पुरस्कार
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/11/dXXHxMv9gnrpRAb9ouRk.jpg)