Delhi Assembly Election: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस सभी दिल्ली जीतने के लिए पूरा दम लगा रहे हैं। सत्ताधारी 'आप' ने दिल्ली वासियों के लिए चुनाव से पहले कई नई योजनाओं का ऐलान किया है। वहीं शुक्रवार को पीएम मोदी ने भी दिल्ली वासियों को करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात दी है। अब कांग्रेस भी चुनावी गारंटी की इस रेस में कूद पड़ी है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी जल्द ही दिल्ली के लिए 5 गारंटी देने का ऐलान करने वाली है।
कांग्रेस का गारंटी पत्र
लंबे समय से कांग्रेस दिल्ली की सत्ता से दूर है, लेकिन इस बार पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। अब कांग्रेस दिल्ली वासियों को लुभाने के लिए मुफ्त योजनाओं का ऐलान कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने अपना गारंटी पत्र तैयारी कर लिया है. गारंटी पत्र जारी करने के साथ ही पार्टी चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी की तर्ज पर कांग्रेस दिल्ली वासियों को पांच गारंटी देगी। आइए जानते हैं कि वे पांच गारंटी कौन सी हो सकती हैं?
1. महिलाओं को आर्थिक सहायता
अगर हम देश में पिछले कुछ समय में हुए चुनावी नतीजों पर नजर डालें तो लगभग हर राज्य में उसी पार्टी की जीत हुई है, जिसने महिलाओं को हर महीने राशि वितरित की। यानी कि महिला वोटरों ने चुनाव परिणामों की दिशा बदली है। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने भी दिल्ली में महिला वोटर्स को लुभाने के लिए हर महीने 2100 रुपये देने का वादा किया है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस भी ऐसा ही ऐलान करने वाली है। कांग्रेस पार्टी दिल्ली चुनाव में जीतने पर 2500-3000 रुपये हर महीने महिलाओं को देने का वादा करने जा रही है।
2. युवाओं को नौकरी की गारंटी
दिल्ली में बेरोजगारी एक बड़ा चुनावी मुद्दा है। युवा वोटर्स पर हर पार्टी की नजर है। कांग्रेस बेरोजगार युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप योजना का ऐलान कर सकती है।
3. स्वास्थ्य बीमा योजना
आम आदमी पार्टी ने 60 साल तक के बुजुर्गों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया है। इसी तर्ज पर कांग्रेस भी दिल्ली में स्वास्थ्य बीमा को लेकर बड़ा वादा कर सकती है।
4. सभी के लिए राशन
शहरी गरीबों को अपने पाले में करने के लिए कांग्रेस बड़ा दांव चल सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी सभी के लिए राशन देने का ऐलान कर सकती है।
5. लेबर क्लास इनकम गारंटी
कांग्रेस पार्टी लेबर क्लास इनकम गारंटी स्कीम का ऐलान कर सकती है, जिससे उसे चुनावों में बड़ा फायदा हो सकता है।