/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/23/prerna-family-2025-09-23-16-40-25.jpg)
विश्व संवाद केन्द्र में प्रेरणा परिवार के पदाधिकारी प्रेस वार्ता करते Photograph: (YBN)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। नवरात्रि के अवसर पर आगामी 25 सितम्बर को राजभवन प्रांगण में 5100 कन्याओं का पूजन किया जायेगा। लखनऊ के आसपास क्षेत्रों की 251 सेवा बस्तियों से कन्याएं आयेंगी। राजभवन पहुंचने पर कन्याओं का पांव प्रक्षालन के बाद तिलक कर और चुनरी भेंटकर उनका स्वागत किया जायेगा। यह कार्यक्रम प्रेरणा परिवार की ओर से आयोजित होगा।
पर्व भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक
विश्व संवाद केन्द्र में मंगलवार को प्रेसवार्ता में प्रेरणा परिवार के अध्यक्ष गुंजित कालरा ने बताया कि हमारा उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को सनातनी परम्पराओं और मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में भारतीय पर्व और त्योहार धूमधाम से मनाने की परंपरा युगों से चली आ रही है। यह पर्व हमारी गौरवशाली संस्कृति व आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर को संजोये रखने के उद्देश्य से मार्च 2024 में लखनऊ शहर के 11 युवा दंपतियों के सहयोग से प्रेरणा परिवार का गठन किया गया था।
सेवा बस्तियों की कन्याओं का होगा सम्मान
सचिव शिखा भार्गव ने बताया कि राजभवन में कन्या पूजन कार्यक्रम में राज्यपाल, शहर की मातृशक्ति और अन्य गणमान्य लोग देवी स्वरूपा कन्याओं की चरण पूजा करके भोजन कराएंगे। उन्होंने बताया कि राजभवन में यह दूसरा कन्य पूजन कार्यकम्र में है। इस बार भी सेवा बस्तियों की कन्याओं को आमंत्रित किया गया है। कन्याओं को चुनरी, भोजन प्रसाद की थाली, दक्षिणा और उपहार स्वरुप स्टेशनरी किट और पुस्तक दी जायेगी। इस अवसर पर बेटियां सांस्कृतिक कार्यक्रम व देवी गीत प्रस्तुत करेंगी।
सामाजिक समरसता पर फोकस
प्रशांत भाटिया ने बताया कि कन्या पूजन कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी उपस्थित रहेंगे। प्रशांत भाटिया ने कहा कि कन्या पूजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता का भाव पैदा करना और सेवा बस्तियों के साथ-साथ समाज के प्रबुद्ध लोगों को भी यह अहसास कराना है कि सम्पूर्ण समाज अपना है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के इन इलाकों में आज रहेगा बिजली संकट
Navratri | chaitra navratri 2025