Advertisment

Rampur News: आजम खां से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव, गिले-शिकवे किए दूर, भाजपा हटाओ को बड़ी रणनीति पर की चर्चा

समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य आजम खां से मिलने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को पहुंचे। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद आजम खां ने नाराजगी भरे तेवर अपनाए थे। अखिलेश ने आजम के गिले-शिकवे दूर किए और भाजपा के विरोध में रणनीति पर चर्चा की।

author-image
Akhilesh Sharma
WhatsApp Image 2025-10-08 at 5.11.59 PM

आजम खां और अखिलेश यादव के बीच हुई बातचीत। Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)

रामपुर, वाईबीएन नेटवर्क। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को सपा के संस्थापक सदस्य कद्दावर नेता आजम खां का हालचाल लेने रामपुर पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। व्यक्तिगत हालचाल लेने, आजम पर हुए अत्याचार की लड़ाई सपा द्वारा लड़े जाने के साथ ही सपा की आगामी चुनावी रणनीति पर भी मशविरा किया। अखिलेश यादव यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा सरकारों पर भी खूब बरसे। 

आजम खां 23 सितंबर को सीतापुर जेल से जमानत पर बाहर निकलकर आए थे। इस दौरान सीतापुर जेल पर अखिलेश यादव के पहुंचने की उम्मीद थी। आजम ने जेल से बाहर आने के बाद अपने ही पार्टी के नेताओं पर तल्ख बयान देने शुरू कर दिए। इसके बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रामपुर में आजम खां से मिलने आने का कार्यक्रम जारी हो गया था। क्योंकि चर्चाएं यह भी फैल गईं थीं कि आजम खां बसपा ज्वाइन कर लेंगे या फिर सांसद चंद्रशेखर के साथ चले जाएंगे। उवैसी की पार्टी में भी जाने की अफवाह फैली थी। बुधवार को अखिलेश यादव जौहर विश्वविद्यालय में हेलीकाप्टर से पहुंचे। आजम खां स्वयं अखिलेश यादव को रिसीव करने पहुंचे। कारों का काफिला सीधे आजम खां के जेल रोड स्थित घर पहुंच गया। यहां सपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ थी। अखिलेश और आजम के बीच करीब दो घंटे तक उनके आवास पर चर्चा हुई। इस दौरान क्या वार्ता हुई यह खुलकर सामने तो नहीं आया, लेकिन सूत्रों ने बताया कि अखिलेश ने आजम की सेहत के बारे में पूछा, पूरे परिवार की खैरियत पूछी। राजनीति पर भी चर्चा हुई। आगामी 2027 के विधान सभा चुनावों पर भी चर्चा हुई। समाजवादी पार्टी की रणनीति के बारे में भी दोनों नेताओं ने तय किया। 

अटकलों और अफवाहों पर लगा विराम

अखिलेश यादव के आजम खां के घर पहुंचने के बाद चल रही तमाम अफवाह और अटकलों पर विराम लगा है। बसपा में जाने की बातें हों या फिर उवैसी और चंद्रशेखर के साथ या फिर अपनी पार्टी बनाने की चर्चाएं भी थम गई हैं। यह बात तो तय है कि अब आजम खां समाजवादी पार्टी के साथ ही रहेंगे। आजम खां की 23 सितंबर को जेल से रिहाई होने से लेकर मंगलवार तक आजम खां ने जितने भी चैनलों से इंटरव्यू दिए सभी में उन्होंने अपना दुखड़ा व्यक्त किया था। कभी अपने आप को छोटा आदमी बताना तो कभी कुछ ऐसी बातें कही जा रही थीं जोकि सोशल मीडिया पर सुर्खियों में थीं। 

सांसद मोहिब्बुल्लाह और पूर्व सांसद एसटी हसन नजर नहीं आए

आजम खां के रुख को भांपकर सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी अखिलेश की मौजूदगी में भी रामपुर में आजम खां के घर नजर नहीं आए। आजम खां ने कई तरह के बयान उनके बारे में दिए गए थे। मंगलवार को तो यह भी उनके बारे में काफी कुछ बोला था। बताते हैं कि सांसद मोहिब्बुल्लाह ने आजम खां को सुधार गृह भेजे जाने संबंधी बयान दिया था। इससे आजम काफी खफा थे। बताते हैं मोहिब्बुल्लाह बरेली में थे, लेकिन अखिलेश यादव के साथ नहीं आए। इसी तरह मुरादाबाद के पूर्व सांसद एसटी हसन ने भी अपना टिकट कटवाने में आजम खां का हाथ बताया था। इसलिए एसटी हसन भी अखिलेश यादव के आने पर यहां नहीं दिखाई दिए।

Advertisment

यह भी पढ़ेंः-

Rampur News: टांडा में मढ़ी मंदिर से धूमधाम से निकाली वाल्मीकि शोभायात्रा, महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने किया शुभारंभ

Rampur News: आत्मनिर्भर भारत अभियान के संकल्प को साकार करेगा हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी अभियान: हरीश

Advertisment
Advertisment
Advertisment