/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/21/76-2025-09-21-19-31-16.jpeg)
प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुनते विधायक आकाश सक्सेना व अन्य। Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
रामपुर, वाईबीएन नेटवर्क। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन पूरे उत्साह के साथ सुना गया। इस अवसर पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि उद्योग राष्ट्र की आर्थिक समृद्धि और स्वदेशी उत्पादों का मजबूत आधार हैं। यदि भारत को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, तो हर नागरिक को अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा।
रविवार को प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन हुआ। इस दौरान कृष्णा विहार स्थित रामपुर सेवक कार्यालय पर बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रसारण हुआ। कार्यक्रम के बाद शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत, ‘वोकल फॉर लोकल’ और देश के आर्थिक विकास की योजनाओं पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने युवाओं से नवाचार, स्टार्टअप और मेक इन इंडिया अभियान को बढ़ावा देने का आह्वान किया है। क्योंकि, स्थानीय स्तर पर लघु, मध्यम और कुटीर उद्योग जितना अधिक मजबूत होंगे, उतना भारत आत्मनिर्भर होगा। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन केवल भाषण नहीं, बल्कि देश के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने कहा कि आज का भारत निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है और प्रत्येक नागरिक को देश के आर्थिक विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इसके लिए सबसे अधिक जरूरी है कि देश में बने उत्पाद देश में ही सबसे अधिक बिकें। लोग जितना अधिक स्वदेशी उत्पादों को खरीदेंगे, उतनी ही आर्थिक समृद्धि आएगी। उन्होंने टैक्स व्यवस्था में किए सुधारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर अनुज सक्सेना, मनु सक्सेना, मयंक सक्सेना, कुंवरबहादुर राजपूत, प्रमोद कुमार लोधी, विवेक कश्यप, सुबोध कुमार आदि उपस्थित रहे।