Rampur News:किसानों से संवाद में बोले केेंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान- विकसित कृषि और किसानों की समृद्धि के लिए कार्य कर रही सरकार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामपुर में किसानों की समस्याएं सुनीं। बोले नकली कीटनाशक और बीज बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ होगी सख्ती, बना रहे नया कानून
रामपुर में चौपाल पर चर्चा करते केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान। Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00
रामपुर, वाईबीएन संवाददाता। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित कृषि और समृद्ध किसान के संकल्प को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कृषि क्षेत्र में उनके समक्ष आ रहीं समस्याओं को भी सुना। किसानों ने बीज, कीटनाशक आदि विषयों के बारे में अपनी बात विस्तार से रखी, जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नकली बीज और नकली कीटनाशक बेचकर किसानों को धोखा देने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्ती की जाएगी। इसके लिए नए कानून बनाए जा रहे हैं, ताकि उन्नत खेती के साथ ही किसानों की आर्थिक दशा में भी सुधार हो सके।
Advertisment
रामपुर में केंद्रीय कृषि मंत्री की चौपाल में मौजूद किसान व नेता। Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
सोमवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रामपुर पहुंचे। मिलक स्थित मोगा ढाबे में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में आने वाली समस्याओं को दूर करने में जुटी हैं। मंत्री, केंद्र व राज्य की सरकारें, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र और हमारे किसान मिलकर एक राष्ट्र और एक टीम बनें, ताकि सभी किसानों की बेहतरी, कृषि उत्पादन बढ़ाने, किसानों की लागत घटाने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कार्य कर सकें। इस बीच उन्होंने सीधे किसानों से संवाद किया। किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं और खेती में आ रही चुनौतियों के बारे में बताया। उन्होंने फसल की लागत अधिक आने, मिटटी का परीक्षण कराने के लिए संसाधनों की कम उपलब्धता, कीटनाशकों की बिक्री में दुकानदारों की मनमानी, घटिया बीज, सिंचाई की समस्या जैसी तमाम समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी और अपने सुझाव दिए। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने अपने साथ आए कृषि वैज्ञानिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि आप लोग रिसर्च करें कि किसानों की इन समस्याओं को कैसे दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसान भाई इस बात को लेकर निश्चिंत रहें कि अब कोई उन्हें घटिया बीज और नकली कीटनाशक बेच पाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार कड़े कानून बनाने जा रही है। यदि किसी ने नकली बीज और नकली कीटनाशक बेचा, तो उस कंपनी के खिलाफ ही दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य किसानों को तकनीक, उन्नत बीज उपलब्ध कराकर समृद्ध करना है। हम सब उसी दिशा में कार्य कर रहे हैं।
लैब में बैठकर नहीं, किसानों के खेतों में जाकर उनकी समस्याएं दूर करें वैज्ञानिक
Advertisment
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की चौपाल में मौजूद किसान। Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि कृषि वैज्ञानिक लैब में बैठकर नहीं, बल्कि किसानों के खेतों में जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करें। किसानों को खुद से दूर करने के बजाए, उनके करीब लाएं, ताकि किसानों और वैज्ञानिकों के संयुक्त प्रयास किसानों की समृद्धि का कारण बनें। उन्होंने कहा कि एक किसान ने बताया कि वह डायरेक्ट सीडिंग के माध्यम से धान की खेती कर रहे हैं, जिससे पानी की बचत होगी। यह निश्चित रूप से अच्छे परिणाम लाएगा। दूसरे किसान भी इस पर अमल करें, तो न सिर्फ उनकी लागत बचेगी, बल्कि पानी की भी बचत होगी, जो उन्हीं के काम आएगी।
खाट पर बैठकर देशी अंदाज में नजर आए शिवराज
Advertisment
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान। Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मोगा ढाबे पर आयोजित किसानों से संवाद कार्यक्रम में बेहद देशी अंदाज में नजर आए। उन्होंने चौपाल में प्रवेश किया, तो मीडिया के कैमरे सामने थे। जिसके बाद उन्होंने कहा कि हम किसानों की बात सुनने आए हैं और किसानों से ही नजरें न मिलें, तो क्या फायदा। जिसके बाद किसान उत्साहित हो गए और जोरदार ताली बजाने लगे। चौपाल में बैठने के लिए न तो मंत्री के लिए कुर्सी थीं और न ही किसानों के लिए। गांवों में खाट पर जो चौपाल सजती है, ठीक वैसा ही माहौल था। केंद्रीय मंत्री का यह स्वरूप और सादगी देखकर किसान भी उनके फैन हो गए।
रामपुर के विधायक की देश में है चर्चा
Advertisment
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि रामपुर के विधायक आकाश सक्सेना तो सिर्फ रामपुर में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में चर्चित हैं। यह सुनते ही पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठे।
ये लोग रहे उपस्थित
चौपाल में प्रदेश सरकार में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना, मिलक विधायक राजबाला, भाजपा के जिला प्रभारी राजा वर्मा, जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, पूर्व विधायक बीना भारद्वाज, अर्चना गंगवार, मोहन कुमार लोधी, अशोक विश्नोई, रविंद्र सिंह रवि, सुरेश गंगवार, सुभाष भटनागर, अभय गुप्ता, जगपाल यादव सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।