शाहजहांपुर वाईबीएन संवाददाता
गंगा एक्सप्रेसवे पर बनी निर्माणाधीन हवाई पट्टी पर बीते दिनों भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों द्वारा दिन और रात में लैंडिंग का सफल अभ्यास किया गया। इस ऐतिहासिक अभ्यास से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया था।
अभ्यास के दौरान लहसना समेत आसपास के गांवों के प्रधानों व ग्रामीणों ने वायुसेना प्रशासन और पुलिस को भरपूर सहयोग प्रदान किया। इस योगदान की सराहना करते हुए गुरुवार को भारतीय वायुसेना के ग्रुप कमांडर मुदित माथुर ग्राम पंचायत लहसना पहुंचे। यहां उन्होंने ग्राम प्रधान अवधेश यादव एवं अन्य सम्मानित ग्रामीणों अमर सिंह यादव, विजय बहादुर, रणजीत चौहान और देवेंद्र यादव को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ग्रुप कमांडर मुदित माथुर ने कहा इस महत्वपूर्ण अभियान के दौरान गांववासियों ने जिस संयम समझदारी और सहयोग की भावना दिखाई, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। आप सभी ने शांति और व्यवस्था बनाए रखते हुए प्रशासन और वायुसेना के साथ अनुकरणीय समन्वय स्थापित किया। यह स्थानीय जन-जागरूकता और राष्ट्रीय कर्तव्य भावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामवासियों के इसी सहयोग ने इस अभियान को निर्विघ्न और सफल बनाया। भविष्य में भी ऐसे अभियानों में आप सभी का सहयोग इसी तरह मिलता रहे, यही हमारी आशा है उन्होंने कहा। इस मौके पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान अवधेश यादव ने भी वायुसेना और प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह हमारे गांव के लिए गौरव का क्षण है कि देश की सुरक्षा व्यवस्था में हम भी अपनी भूमिका निभा सके। गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जो आने वाले समय में राज्य के विभिन्न हिस्सों को जोड़ते हुए विकास की रफ्तार को नई ऊंचाई देने वाली है। इस पर तैयार हो रही हवाई पट्टी किसी भी आपात स्थिति में वायुसेना को रणनीतिक मदद पहुंचाने में सक्षम होगी।
यह भी पढ़ें:-
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्यवाही
जानिए शाहजहांपुर में पर्यावरण को बचाने की नई योजना-क्या है इसकी बड़ी खासियत?
Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में विद्युत अभियंताओं का निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन जारी
World Everest Day: संघर्षों को पार कर मध्य हिमालय पर तिरंगा फहरा चुकी शाहजहांपुर की बेटी काजल यादव