/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/04/morning-temperatures-will-drop-2025-11-04-21-34-17.jpeg)
शाहजहांपुर में दोपहर के समय छाए बादलों के कारण शहीद स्तंभ के पास का दृश्य Photograph: (वाईबीएन)
शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता। मौसम का मिजाज अब तेजी से करवट बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद 5 नवंबर यानी बुधवार से प्रदेश में शुष्क मौसम रहेगा। सुबह धुंध और कोहरे की दस्तक होगी, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज होने की संभावना है। शाम के समय भी हल्की ठंड और नमी का असर महसूस किया जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का अलर्ट
उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद के मौसम विज्ञानी डॉ. मनमोहन सिंह और राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद आगामी तीन-चार दिनों तक प्रदेश में शुष्क और ठंडा मौसम रहेगा।
उन्होंने बताया कि पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है, जो दिन चढ़ने के साथ समाप्त हो जाएगा। न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की कमी दर्ज हो सकती है।
स्वास्थ्य पर बढ़ने लगा मौसम का असर
मौसम के इस बदलाव से लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने लगा है। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, खांसी और जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
चिकित्सक की सलाह
मेडिकल कालेज के फिजिशियन डॉ. मो सलीम का कहना है कि अचानक गिरते तापमान से सर्दी-जुकाम, खांसी और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि सुबह की सैर करने वाले लोग इस समय गुनगुना पानी पीकर ही बाहर निकलें और गर्म कपड़ों का प्रयोग करें। बुजुर्ग और बच्चे सुबह के समय खुले में जाने से बचें।
मौसम के बारे में 5 खास बातें
- 5 नवंबर से प्रदेश में शुष्क मौसम और धुंध-कोहरे की शुरुआत।
- न्यूनतम तापमान में 3-4°C की गिरावट, अधिकतम में 2-3°C की कमी।
- पूर्वांचल और तराई में हल्का से मध्यम कोहरा।
- सर्दी-जुकाम और जोड़ों के दर्द के मरीजों की बढ़ोतरी।
- चिकित्सकों की सलाह: सुबह-शाम गर्म कपड़ों का प्रयोग करें, गुनगुना पानी पीएं।
यह भी पढें
मौसम : सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा शाहजहांपुर का तापमान, अब गिरेगा रात और दिन का पारा
झारखंड में ‘मोंथा’ तूफान का असर खत्म, मौसम साफ और ठंड बढ़ने लगी
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us