/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/15/retired-ips-officer-sunil-chandra-bajpai-2025-07-15-23-03-55.jpg)
पुलिस मुख्यालय पर आयोजित हुई शोक सभा।
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता ।पुलिस विभाग के वरिष्ठ व सेवानिवृत्त अधिकारी सुनील चन्द्र बाजपेयी (एसपीएस-2001), सेवानिवृत्त पुलिस उप महानिरीक्षक के निधन पर आज पुलिस मुख्यालय, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा समेत पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्व. बाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं सेवाकाल को याद किया।
सुनील चन्द्र बाजपेयी का जन्म प्रयागराज में हुआ था
इस अवसर पर डीजीपी ने दिवंगत अधिकारी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बाजपेयी का जन्म 15 अप्रैल 1955 को जनपद इलाहाबाद (प्रयागराज) में हुआ था। वे वर्ष 1985 में प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) में चयनित हुए थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने पीलीभीत, आगरा, लखनऊ, वाराणसी, शाहजहांपुर, हरिद्वार जैसे कई जनपदों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वर्ष 2009 में उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में प्रोन्नत किया गया। वर्ष 2015 में पुलिस उप महानिरीक्षक पीएसी, सेक्टर आगरा के पद से सेवानिवृत्त हुए।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए रखा दो मिनट का मौन
करीब 29 वर्षों के सेवाकाल में सुनील चन्द्र बाजपेयी ने निष्ठा, ईमानदारी और दक्षता के साथ कार्य किया। उन्हें गणतंत्र दिवस 2013 के अवसर पर दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। बाजपेयी का 8 जुलाई 2025 को निधन हो गया। वे अपने पीछे एक पुत्र, एक पुत्री व संपूर्ण परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस विभाग ने उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखने की बात कही और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह भी पढ़े : Crime News: मुंगेर से लाता था रिवाल्वर, यूपी-मुंबई में करता था सप्लाई, अब गिरफ्तार
यह भी पढ़े : Crime News: उड़ीसा से गांजा लाकर कानपुर में बच्चा भइया को करते थे सप्लाई, चार गिरफ्तार