/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/11/PdhyZYtnSX6TQ7hEnlNx.jpg)
सर्दी के मौसम के आखिरी महीने फरवरी के अंतिम दिन शहरवासियों ने अच्छी सर्दी का एहसास किया। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आसमान पर बादल छाए रहे। तेज रफ्तार से चली सर्द हवा और बीच-बीच में हुई बूंदाबांदी ने ठंड का एहसास बढ़ा दिया।
यह भी पढ़ें:पीने के पानी को तरसे नवीन मंडी मुरादाबाद के आढ़ती व कारोबारी
शनिवार को भी मौसम का मिजाज कमोबेश ऐसा ही बने रहने के आसार हैं। हिमालय क्षेत्र पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने लगातार दूसरे दिन मुरादाबाद के मौसम पर अपना असर दिखाया। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी आसमान बादलों से ढका रहा और काफी तेज रफ्तार से हवा चली। धूप नहीं निकलने से ठंड का एहसास बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: Moradabad: काली कमाई का अड्डा बना प्रदूषण कार्यालय,अधिकारी कर रहे मोटी कमाई
पुन: निकालने पड़े गरम कपड़े
पिछले दिनों दिन के समय बिना गर्म कपड़ों के सहजता महसूस कर रहे लोग मौसम के बदले मिजाज के चलते गर्म कपड़े दोबारा पहनने पर ज्यादा सहज नजर आए। दोपहिया वाहन सवारों को दोबारा लौट आई ठंड का एहसास ज्यादा शिद्दत से हुआ। शुक्रवार को मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि औसत से चार डिग्री कम रहा। आसमान पर बादल छाए रहने से रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। रात का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
यह भी पढ़ें:हजयात्रा पर जाने की सोच रहे हैं तो जान लें पार्टनर को भी ले जाना होगा जरूरी
शनिवार को भी बरकरार रहेगी ठंड
मौसम विभाग ने आज शनिवार को आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक दो बार बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। अगले चौबीस घंटे बाद रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने का सिलसिला शुरू हो सकता है।